anger came out after reaching the deadbody
- फोटो : PRATAPGARH
मारपीट में घायल अधेड़ की मौत के बाद शनिवार को शव घर पहुंचते ही परिजनों का गुस्सा फूट पड़ा। पुलिस से परिजनों की तीखी झड़प हुई। हत्यारोपियों की तलाश में पुलिस दबिश देती रही, लेकिन कोई नहीं मिला। सीओ सिटी के समझाने पर परिजनों ने शव का अंतिम संस्कार कर दिया।
अंतू थाना क्षेत्र के बोझीपुर मत्तू निवासी अभिषेक वर्मा व नंदकिशोर यादव के बीच जमीन को लेकर विवाद चल रहा था। मारपीट में अभिषेक वर्मा के पक्ष से बाबूलाल वर्मा (50) गंभीर रूप से घायल हो गए।
इलाज के दौरान शुक्रवार को उनकी मौत हो गई। देर रात शव लेकर परिजन घर पहुंचे। जिसे देखते ही परिवार के लोग बिलखने लगे। पुलिस पहले से ही मुस्तैद थी। हत्यारोपियों की गिरफ्तारी न होने पर आक्रोशित लोगों से पुलिस की तीखी झड़प हुई। रात में परिजन डीएम-एसपी को बुलाने की जिद करने लगे। बवाल की आशंका को देखते हुए कोहड़ौर, कंधई, मानधाता, अंतू व नगर कोतवाली, सांगीपुर की पुलिस मौके पर बुला ली गई। परिजन सुरक्षा, आरोपियों की गिरफ्तारी के साथ ही आर्थिक मदद की मांग पर अड़े थे।
शनिवार की सुबह मौके पर पहुंचे सीओ सिटी अभय पांडेय ने परिवार के लोगों से वादा किया उनकी मांगों को हर हाल में पूरा किया जाएगा। इसके लिए पुलिस को कुछ मोहलत दी जाए। जिसके बाद परिजन मान गए और शव को अंतिम संस्कार के लिए लेकर रवाना हुए। तब जाकर पुलिस ने राहत की सांस ली। सीओ सिटी अभय पांडेय ने बताया कि आरोपियों की तलाश में दबिश दी जा रही है।