प्रयागराज से सहारनपुर जा रही नौचंदी एक्सप्रेस के आगे स्लीपर रखकर मंगलवार रात ट्रेन को पलटाने का प्रयास किया गया। चालक की सूझबूझ से किसी तरह से बड़ा हादसा टल गया। इस बीच यात्री घटना को लेकर सहमे रहे। घटना परियावां के 36/सी फाटक के आगे की है। स्लीपर ट्रेन के इंजन से टकराकर टूट गया।
तेज आवाज के साथ ट्रेन रुकी तो लोको पायलट ने मामले की जानकारी कंट्रोल रूम को दी। मौके पर पहुंची ऊंचाहार जीआरपी ने जांच शुरू की। इस बीच करीब 20 मिनट तक ट्रेन खड़ी रही। ऊंचाहार स्टेशन पर पहुंचने पर इंजन की जांच कर ट्रेन को सहारनपुर के लिए रवाना किया गया।
जीआरपी के अनुसार मंगलवार रात करीब आठ बजे नौचंदी एक्सप्रेस प्रयागराज से सहारनपुर जा रही थी। अरखा और परियावां स्टेशन के बीच रेल ट्रैक पर ट्रेन को पलटाने के लिए रखे स्लीपर से नौचंदी का इंजन टकरा गया। तेज आवाज के साथ स्लीपर टूट गया। इस पर लोको पायलट ने इमरजेंसी ब्रेक लगाकर ट्रेन को रोका।
लोको पायलट की सूचना पर आरपीएफ ऊंचाहार व नवाबगंज पुलिस भी मौके पर पहुंची। वहीं बुधवार को ऊंचाहार आरपीएफ उप निरीक्षक हेमंत यादव ने नवाबगंज थाने में अज्ञात के खिलाफ तहरीर दी है। नवाबगंज पुलिस ने मुकदमा पंजीकृत कर मामले की जांच पड़ताल शुरू कर दी है।