prayagraj news : बदमाशों के हमले में घायल सिपाही।
- फोटो : prayagraj
शहर के सदर चौराहे पर वाहन चेकिंग के दौरान बाइक सवार सगे भाई पुलिस से भिड़ गए। सीओ सिटी अभय पांडेय से अभद्रता करते हुए वर्दी फाड़ने की कोशिश की। गनर अनिल यादव को पीट दिया। दोनों को काबू में करने के बाद पुलिस उन्हें कोतवाली ले गई। वहां भी पुलिस व युवकों को छुड़ाने पहुंचे करीबियों के बीच धक्कामुक्की हुई। कोतवाली में काफी देर तक हंगामा हुआ। बाद में चौकी प्रभारी की तहरीर पर पुलिस ने दोनों भाइयों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर उन्हें जेल भेज दिया।
सदर चौराहे पर बुधवार दोपहर भुलियापुर चौकी प्रभारी अपनी टीम के साथ संदिग्ध लोगों की चेकिंग कर रहे थे। तभी वहां सीओ सिटी अभय पांडेय भी पहुंच गए। इस बीच बाइक सवार दो युवक आते दिखाई दिए। पुलिसकर्मियों ने उन्हें रोक कर बाइक के कागजात मांगे और हेलमेट न लगाने की वजह पूछी। बाइक के पेपर व हेलमेट न लगाने का जवाब देने के बजाय दोनों पुलिसकर्मियों से पूछने लगे कि उन्होंने मास्क क्यों नहीं लगाया है। इसके बाद दोनों मोबाइल से पुलिसकर्मियों का वीडियो बनाने लगे। यह देख सिपाहियों ने विरोध जताया, मगर युवक मानने को तैयार नहीं थे।