उत्साह और उदारतापूर्वक पाठकों के जबर्दस्त सहयोग से पट्टी इलाके के विनैका गांव के चाय विक्रेता बजरंग बहादुर यादव के आईआईटी में चयनित बेटे तरुण यादव की फीस जुटा ली गई। ‘अमर उजाला’ में खबर प्रकाशित होने के बाद मेधावी तरुण की फीस जमा करने के लिए इलाहाबाद और प्रतापगढ़ दोनों ही जगहों से मदद के लिए लोग आगे बढ़े और सिर्फ तीन दिनों केभीतर ही लक्ष्य पूरा हो गया। आईआईटी में दाखिले के लिए तरुण को एक लाख पांच हजार रुपये की दरकार थी, लेकिन शनिवार तक लक्ष्य से इतर उसे 25 हजार रुपये नकद अतिरिक्त दिए गए। ‘अमर उजाला’ की मुहिम से प्रेरित होकर पट्टी विधायक राम सिंह ने भी तरुण के घर पहुंचकर उसे 25 हजार रुपये नकद दिए। उन्होंने तरुण की पढ़ाई में हरसंभव मदद का आश्वासन देते हुए मंजिल तक पहुंचने के लिए शुभकामनाएं भी दीं।
वहीं इलाहाबाद में सिविल लाइंस स्थित अग्निपथ कॉलोनी के रहने वाले एमईएस से रिटायर इंजीनियर आरसी मेहता ने ‘अमर उजाला’ दफ्तर पहुंचकर तरुण की फीस के लिए बाकी के पंद्रह हजार रुपये का चेक प्रदान किया। इसी क्रम में मां श्यामलता अग्रवाल की स्मृति में जौहरी टोला निवासी डेंटल सर्जन डॉ.प्रदीप अग्रवाल ने पांच हजार रुपये, जौहरी टोला की ही विधु अग्रवाल ने पांच हजार एक सौ रुपये और मम्फोर्डगंज स्थित गुलमोहर अपार्टमेंट निवासी एके महेंद्र ने तरुण के नाम पांच हजार रुपये का चेक प्रदान किया। अमरगढ़, पट्टी, प्रतापगढ़ की मानव हितार्थ सेवा समिति की ओर से सचिव अशोक कुमार जायसवाल ने भी तरुण के लिए पांच हजार रुपये का चेक दिया।
बता दें, ‘अमर उजाला फाउंडेशन’ की पहल के बाद लोगों की मदद का सिलसिला शुरू हुआ था और तीसरे दिन शनिवार को ही यह लक्ष्य पूरा हो गया। तरुण को आठ जुलाई को आईआईटी बीएचयू में दाखिला लेना है। ‘अमर उजाला’ की मुहिम का स्वागत करते हुए जिस तरह एक बार फिर पाठकों ने सहयोग के लिए हाथ बढ़ाए, वह अतुलनीय है, आभार। पाठकों के संग ‘अमर उजाला फाउंडेशन’ की ओर से तरुण को उसकी मंजिल तक पहुंचने के लिए बहुत-बहुत शुभकामनाएं।