लखनऊ-वाराणसी राजमार्ग पर टेढुई मोड़ के पास बाइक सवार एजेंसी कर्मी वाहन से टकरा गया। गंभीर रूप से घायल युवक को लालगंज ट्रॉमा सेंटर ले जाया गया। जहां उसे मृत घोषित कर दिया गया। हादसे के बाद चालक फरार हो गया। पुलिस ने शव पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
नगर कोतवाली क्षेत्र के पूरे केशवराय निवासी अनूप शर्मा (25) शहर की एक बाइक एजेंसी का कर्मचारी था। शुक्रवार की दोपहर करीब एक बजे एजेंसी से बाइक लेकर रामपुर बावली जा रहा था। लालगंज कोतवाली क्षेत्र के धधुआ गाजन के पास टेढ़ुई मोड़ पर तेज रफ्तार वाहन ने बाइक में टक्कर मार दी।
मौत की सूचना मिलने पर परिजनों में चीख पुकार मच गई। रोते-बिलखते हुए परिजन लालगंज ट्रामा सेंटर पहुंचे। सीओ लालगंज आशुतोष मिश्र ने बताया कि मामले की जांच की जा रही है। तहरीर मिलने के बाद प्राथमिकी दर्ज कर कार्रवाई की जाएगी।