आसपुर देवसरा से आए एक वृद्ध ने कलेक्ट्रेट स्थित जिलाधिकारी कार्यालय के करीब आत्मदाह का प्रयास किया। सुरक्षा पर तैनात पुलिसकर्मियों की नजर पड़ी तो उसे दबोच लिया और कोतवाली ले जाया गया। जहां सिविल लाइन चौकी प्रभारी ने उसके खिलाफ मुकदमा भी दर्ज कराया।
आसपुर देवसरा थाना क्षेत्र के ढखवा निवासी रामलाल पुत्र मोतीलाल सोमवार दोपहर जिलाधिकारी कार्यालय के पास पहुंचा। हाथ में केरोसिन का डिब्बा लेकर वह अपने शरीर पर उड़ालने लगा। उसे ऐसा करते देख वहां मौजूद अधिवक्ताओं ने शोर मचाया। वृद्ध ने अपनी जेब से माचिस निकाली। उसकी मंशा भाप कार्यालय के बाहर मौजूद पुलिसकर्मियों ने उसे दबोच लिया। हालांकि तब तक वह केरोसिन से भीग चुका था। सूचना मिलने पर पहुंची पुलिस उसे कोतवाली ले गई। मेडिकल कराने के बाद सिविल लाइन चौकी प्रभारी रामनरेश यादव ने उसके खिलाफ मुकदमा दर्ज किया।
रामलाल ने बताया कि उसके भाई ने उसकी जमीन को दूसरों के हाथ बेंच दिया है। वे पुलिस की मदद से उसके मकान और जमीन पर कब्जा कर रहे हैं रोकने पर पुलिस कार्रवाई करने की धमकी देती है और विरोधी मारपीट करने पर अमादा हो जाते हैं। उसे पुलिस से इंसाफ नहीं मिल रहा है। एसओ ज्ञानेंद्र सिंह का कहना है कि रामलाल के भाई ने अपने हिस्से की जमीन बेची है। उस पर क्रेता को रामलाल कब्जा करने नहीं दे रहा है।