विश्व कप के लीग मैच में भारत-पाक के बीच हो रहे लीग मैच को देखने के लिए
क्रिकेट प्रेमी टेलीविजन से चिपके रहे। हर कोई गेंदबाजी और बल्लेबाजी पर
अपनी राय देता दिखा। अवकाश के दिन पहले ही लोग अपने घरों में थे लेकिन
भारत-पाक के बीच हुए क्रिकेट मैच के चलते सड़कों पर सन्नाटा पसरा रहा।
पाकिस्तान पर भारत की जीत के बाद लोग सड़कों पर उतर आए और आतिशबाजी करने
लगे। खूब पटाखे फोड़े गए।
विश्व कप के लीग मैच में रविवार को भारत और पाक के बीच हुई क्रिकेट में हार जीत को लेकर लाखों का वारा न्यारा सट्टेबाजों ने कर दिया। जहां टीम इंडिया की जीत पर अधिक दांव लोगों ने लगाया था वहीं पाक टीम के गेंदबाजों पर लाखों का दांव लगाया। शहर में सट्टेबाजों की झोली हर गेंद पर भरती रही।
रविवार को भारत और पाक के बीच होने वाले क्रिकेट मुकाबले को लेकर शनिवार शाम से ही शहर में सट्टेबाजों की महफिल सजने लगी। शहर के स्टेशन रोड, श्याम बिहारी गली, जेल रोड, सिप्तैन रोड, चिलबिला, मीराभवन, सदर बाजार व बाबागंज में सट्टेबाज दोनों टीमों का खेल देखने के बाद भी दांव लगाते रहे। लोगों की मानें तो शहर में करीब पचास लाख का सट्टा खेला गया। स्टेशन रोड पर सबसे कम और चिलबिला, श्यामबिहारी गली में सबसे अधिक सट्टा लगाया गया। इस दौरान पुलिस से बचने के लिए बंदोबस्त किया गया था। ऐसे स्थानों को पुलिस से बचाने के लिए संचालक ने अपने गुर्गों को मोबाइल के साथ मुस्तैद कर रखा था। जो पुलिस को देखते ही लोगों को एलर्ट कर देता था।