अधिवक्ताओं के धरने पर जाने से वादकारियों सहित आम लोगों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। आठ दिन से तहसील में अधिवक्ता गेट पर धरना प्रदर्शन कर रहे हैं। कार्यालयों में ताला पड़ा हुआ है। काम के लिए आने वाले लोगों को निराश होकर लौटना पड़ रहा है।
तहसील में एसडीएम और अधिवक्ताओं के बीच चल रही लड़ाई से आम लोगों को भारी परेशानी झेलनी पड़ रही है। एसडीएम ने अधिवक्ताओं पर मुकदमा दर्ज करवा दिया है। इसके चलते अधिवक्ता लगातार प्रदर्शन कर रहे हैं। इसके साथ ही अधिवक्ताओं का एक डेलीगेशन अधिकारियों के साथ ही बार काउंसिल से भी मिलकर इस मामले की जानकारी दी जा रही है।
इधर अधिवक्ता लगातार तहसील में धरने पर हैं। गुुरुवार को भी तहसील गेट पर प्रदर्शन चलता रहा। अधिवक्ता एसडीएम की कार्यशैली का विरोध करते हुए एफआईआर वापस करने की मांग कर रहे हैं। साथ ही वह एसडीएम मोहनलाल गुप्ता के ट्रांसफर को लेकर अडिग हैं। फिलहाल इस प्रदर्शन के चलते तहसील में सारा कामकाज ठप है।
प्रदर्शन में कुलदीप सिंह यादव, मोनू ओझा, संजय कुमार पांडेय, केके सिंह, सुनील कुमार त्रिपाठी, श्याम कृष्ण पांडेय, अंजनी कुमार, अध्यक्ष प्रेमचंद शुक्ला, मनोज, गंगाधर द्विवेदी, हनुमान प्रसाद पांडेय, सोमनाथ मिश्रा, प्यारेलाल यादव, विजय तिवारी, सिद्धनाथ सरोज, शिवशंकर पांडेय, अवधेश पांडेय, दिनेश आदि मौजूद रहे।