स्काॅर्पियो की टक्कर से पांच जुलाई को घायल झंझवारा निवासी राजेंद्र प्रसाद यादव की प्रयागराज में इलाज के दौरान मौत हो गई। मंगलवार को शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया। मृतक के भाई की तहरीर पर पुलिस ने स्कॉर्पियो चालक के विरूद्ध विभिन्न धाराओं में एफआईआर दर्ज किया है।
क्षेत्र के झंझवारा निवासी राजेंद्र प्रसाद यादव अपनी ससुराल गैंदा उमरिया हजारी कापुरवा थाना मऊआइमा में रहते थे। पांच जुलाई को झंझवारा गांव आए हुए थे। भाई रामलाल उन्हें बाइक से गैंदा उमरिया पहुंचाने जा रहे थे। तभी आजाद नगर चौराहे के पास दोपहर में बारिश होने लगी। दोनों भाई नीम के पेड़ के नीचे रुक गए। इसी दौरान विपरीत दिशा से आ रही स्काॅर्पियो के चालक ने राजेंद्र प्रसाद को टक्कर मार दी।
इससे वह गंभीर रूप से घायल हो गए। इलाज के लिए प्रयागराज में भर्ती कराया गया था, मंगलवार की सुबह छह बजे डाॅक्टर ने राजेंद्र प्रसाद को मृत घोषित कर दिया। एसओ बाघराय श्रवण कुमार ने बताया कि आरोपी चालक के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर खोजबीन की जा रही है।