शुक्रवार को शहर की ओर आ रहा सवारी से भरा टेंपो बेकाबू होकर पलट गया। टेंपो के नीचे दबने से स्वास्थ्यकर्मी के बेटे की दर्दनाक मौत हो गई। उसमे बैठीं सवारियां भी घायल हो गईं। गंभीर रूप से घायल दो लोगों को डाक्टरों ने इलाहाबाद रेफर कर दिया। इसे लेकर अस्पताल में कोहराम मचा रहा।
सिटी की ओर से सवारी भरकर एक टेंपो शुक्रवार की सुबह शहर की ओर आ रहा था। टेंपो में करीब आठ लोग सवार थे। पूरे ओझा गांव के पास सड़क के बगल बने गड्ढे में टेंपो पलट गई। टेंपो पलटते ही आगे की ओर बैठा मुख्य चिकित्सा अधिकारी कार्यालय में तैनात कर्मचारी रोशनजहां खां का बेटा तुफैल खान (28) उसके नीचे दब गया। हादसे के बाद टेंपो में फंसे लोगों चीखते चिल्लाने लगे। उनकी चित्कार सुनकर कोहराम मच गया। आनन- फानन में आसपास के लोगों के साथ ही राहगीर टेंपो में फंसे घायलों को बाहर निकालने लगे। सभी को दूसरे वाहन से इलाज के लिए जिला अस्पताल लाया गया।
यहां डॉक्टरोें ने तुफैल को मृत घोषित कर दिया। अन्य घायल सकीना बानो (55) पत्नी यार मोहम्मद, गुलनाज (24) पत्नी सगीर, खात्मा बानो (35) पत्नी शहबान, राम अधार (60) निवासी सिटी व अमन (16) पुत्र अहमद निवासी चांदा सुलतानपुर का प्राथमिक इलाज किया गया। गंभीर रूप से घायल अमन व गुलनाज की की हालत गंभीर देख डॉक्टरों ने उन्हें इलाहाबाद रेफर कर दिया।