बाइक सवार युवकों को रोडवेज की बस ने रौंद दिया। जिससे युवक की मौत हो गई। बस में फंसी बाइक दो किमी तक चालक घसीटता लेकर चला गया। चचेरे भाई की हालत गंभीर देख डाक्टरों ने उसे इलाहाबाद के लिए रेफर कर दिया। घटना की जानकारी के बाद घर में कोहराम मच गया।
कंधई थाना क्षेत्र के ताला निवासी हरिओम की बेटी की रविवार को शादी है। जिसके लिए घर पर तैयारियां जोर शोर से चल रही थी। शनिवार की शाम हरिओम का बेटा अतुल कुमार (23) अपने चचेरे भाई सत्यप्रकाश (24) पुत्र शिवशंकर के साथ बाइक से चिलबिला टेंट हाउस पर कुछ सामान लेने के लिए आया था। सामान लेने के बाद रात करीब सवा नौ बजे दोनों बाइक से घर लौट रहे थे। महुली के करीब पीछे से पहुंची रोडवेज बस ने बाइक सवार युवकों को टक्कर मार दी। जिससे दोनों सडक़ पर गिर पड़े। बस ने अतुल और सत्य प्रकाश को बुरी तरह रौंद दिया। जिससे सत्य प्रकाश की मौके पर ही मौत हो गई। अतुल की हालत गंभीर देख आसपास के लोगों ने उसे किसी वाहन से जिला अस्पताल पहुंचाया। बाद में दूसरी एंबुलेंस से सत्यप्रकाश को लाया गया। जहां डाक्टरों ने सत्यप्रकाश को मृत घोषित करते हुए अतुल को इलाहाबाद रेफर कर दिया। दूसरी ओर घटना के बाद चालक बस में फंसी बाइक को लेकर खमपुर तक गया। वहां सूनसान जगह देख बस रोककर भाग निकला। जिसे बाद में पुलिस ने अपने कब्जे में ले लिया।