कस्बे के समीप रोडवेज की अनुबंधित बस की चपेट में आने से स्वास्थ्य कर्मी की मौत हो गई। घटना की जानकारी होने पर परिजनों में कोहराम मच गया। लीलापुर पुलिस चौकी पर पुलिस ने बस को कब्जे में ले लिया।
लालगंज कोतवाली के संगियापुर निवासी सुनील कुमार शर्मा (35) संग्रामगढ़ सीएचसी में चालक के पद पर तैनात था। वर्तमान में उसे नवनिर्मित रामपुर पीएचसी सेे अटैच किया गया था। मंगलवार को वह अपने भाई विनोद कुमार शर्मा के साथ बाइक से किसी काम से शहर जा रहा था। लालगंज कस्बे के समीप धधुआ गाजन मोड़ पर सुनील को उतारकर उसका भाई बाइक में पेट्रोल भरवाने चला गया। इस बीच शहर की ओर जा रही तेज रफ्तार रोडवेज की अनुबंधित बस ने सड़क किनारे खड़े सुनील को रौंद दिया।
उसकी मौके पर ही मौत हो गई। घटना के बाद चालक बस लेकर फरार हो गया। लीलापुर पुलिस चौकी के सामने पुलिस ने बस को कब्जे में ले लिया। स्वास्थ्य कर्मी की मौत की सूचना पर कोतवाली पुलिस मौके पर पहुंची और शव को लेकर कोतवाली आ गई। सुनील की मौत के बाद परिजनों के साथ स्वास्थ्य कर्मी भी कोतवाली पहुंच गए। परिजन शव से लिपटकर रोने बिलखने लगे। पुलिस ने मृतक के शव का पंचनामा कर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। मृतक के भाई विनोद कुमार ने अज्ञात बस चालक के खिलाफ मुकदमा दर्ज कराया है।