मनौरी। पूरामुफ्ती के पैगंबरपुर पावर हाउस के समीप मंगलवार की शाम तेज रफ्तार बाइक अनियंत्रित होकर सड़क किनारे बिजली के पोल से टकरा गया। हादसे में बाइक सवार युवक की मौके पर ही मौत हो गई। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। जवान बेटे की मौत से घर-परिवार में कोहराम मचा हुआ है।
पैगंबरपुर गांव निवासी श्याम लाल पासी का 25 वर्षीय बेटा राजेश कुमार मेहनत मजदूरी कर परिवार का गुजारा करता था। मंगलवार को रिश्तेदारी से उसका एक साथी आया था। रात करीब आठ बजे वह उसे महगांव स्थित जीटी रोड पर छोड़ने आया था। लौटते समय पैगंबरपुर पावर हाउस के समीप पहुंचते ही उसकी तेज रफ्तार बाइक अनियंत्रित होकर सड़क किनारे लगे बिजली के पोल से टकरा गई। हादसे में उसके सिर पर गंभीर चोटें लग गई। दुर्घटना देख स्थानीय लोग दौड़ पड़े। लोग उसे अस्पताल पहुंचते कि इससे पहले युवक की सांसें थम गईं। मनहूस खबर मिलते ही घर-परिवार में कोहराम मच गया। सभी बदहवाश हालत में मौके पर पहुंच गए। सूचना के बाद पहुंची पुलिस ने मौका मुआयना करते हुए शव पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।