साथी के साथ बकुलाही नदी में नहाने गया किशोर पानी के तेज बहाव में बह गया। साथ में नहा रहे दूसरे किशोर को ग्रामीणों ने बचा लिया। विलंब से पहुंची पुलिस केवल मूकदर्शक बनी रही। जिससे लोग आक्रोशित हो उठे।
मानधाता थाना क्षेत्र के सुबरनी निवासी मनोज कुमार विश्वकर्मा का 16 वर्षीय पुत्र शिवम विश्वकर्मा रविवार को अपने साथी रमेश (20) के साथ बकुलाही नदी में नहाने गया था। नदी में दोनों नहाने लगे। किनारे पर दूसरे लोग मौजूद थे। अचानक नहाने के दौरान पानी के अधिक बहाव में शिवम बहने लगा। उसे बचाने के लिए रमेश आगे बढ़ा तो वह भी तेज बहाव में डूबते हुए बहने लगा। नदी के किनारे मौजूद अभय कुमार शोर मचाते हुए दोनों को बचाने के लिए कूद पड़ा। रमेश को बचाने में वह कामयाब रहा, लेकिन शिवम पानी के तेज बहाव में काफी दूर तक बह गया। शोर शराबा सुनकर गांव के लोग दौड़ पड़े। लोगों ने शिवम की खोजबीन में काफी देक तक मशक्कत की, लेकिन कामयाबी नहीं मिली। सूचना मिलने के बावजूद विलंब से पुलिस पहुंची और वह भी खाली हाथ। जिससे लोग आक्रोशित हो उठे। अपने चहेते शिवम को खोजने के लिए परिवार व गांव के लोग नदी में डूबते उतराते रहे। स्थानीय गोताखोरों की मदद से शिवम की खोजबीन देर शाम तक होती रही लेकिन पता नहीं चल सका। शिवम के गम में परिजन नदी के किनारे रोते बिलखते रहे। सभी को गांव के लोग समझाते रहे।