बहन की शादी के िलए खरीदारी करने जा रहे युवक को बस ने टक्कर मार दी। इससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई। जेठवारा थाना क्षेत्र के मधुपुर गांव निवासी जयसिंह यादव (28) पुत्र विनोद यादव की बहन की शादी 28 अप्रैल को है। वह खरीदारी करने के लिए मंगलवार को अपने फूफा संतोष यादव के साथ डेरवा बाजार आ रहा था। बाजार में पहुंचते ही सामने आ रही एक प्राइवेट बस ने उसे टक्कर मार दी। वह बाइक से गिरा और बस के नीचे आ गया। इससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई। आसपास के लोगों ने शोर मचाया, लेकिन चालक बस लेकर भाग निकला। सूचना पर पुलिस और परिजन पहुंचे। उसका शव देख परिजनों में चीखपुकार मच गई। उधर पुलिस ने शव का पंचनामा कर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। संतोष यादव की तहरीर पर बस चालक के खिलाफ रिपेार्ट दर्ज की गई है। उधर, हथिगवां थाना क्षेत्र के जहानाबाद के पास एक कार अनियंत्रित होकर गंगापुल से टकरा गई। इससे उसमें सवार अरविंद पांडेय, बिहारी शर्मा व राजकुमार निवासी बिहार घायल हो गए। इस दौरान मदद करने आया एक युवक उनका पैसों से भरा बैग लेकर भाग निकला। बाद में लोगों ने पहुंचकर सभी को अस्पताल भेजवाया।
वहीं लालगंज कोतवाली क्षेत्र के पयागीपुर निवासी शंकरलाल सरोज (60) मंगलवार को किसी काम से कलापुर की ओर गया था। घर वापस लौटते समय बेनीपुर के समीप उसकी बाइक को सामने से आ रही बेकाबूू बोलेरो में टक्कर मार दी। शंकरलाल बाइक समेत खड्ड में गिरकर घायल हो गया। लोगों ने एंबुलेंस को सूचना दी। काफी देर तक एंबुलेंस नहीं पहुुंची तो लोग निजी वाहन से उसे लालगंज सीएचसी ले गए। यहां हालत नाजुक देख उसे जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया। वहीं घटना के बाद पीछे से आ रहे कुछ बाइक सवार लोगाें ने बोलेरो का पीछा कर लिया। चालक वाहन लेकर रानीगंज कैथौला पुलिस चौकी पहुंचा और बोलेरो को वहीं खड़ी कर भाग निकला। पुलिस ने कब्जे में ले लिया। रानीगंज थाना के जरियारी गांव निवासी कालूराम (60) मंगलवार की सुबह दस बजे अपने भतीजे रबीश (27) पुत्र शिव प्रताप के साथ बाइक से शहर की ओर जा रहा था। कंधई थाना के शीतलागंज के पास बाइक अनियंत्रित होकर पलट गई। इससे दोनों गंभीर रूप से घायल हो गये। चीखपुकार सुनकर पहुंचे स्थानीय लोगाें ने दोनों घायलों को जिला अस्पताल में भर्ती कराया।