आसपुर देवसरा थाना क्षेत्र के ढखवा बाजार में घर जा रहे ठेला चालक अच्छे लाल मौर्य (35) की ट्रक से कुचलकर दर्दनाक मौत हो गई। ट्रक चालक को ग्रामीणों ने पकड़कर पुलिस के हवाले कर दिया। पूरा गांव निवासी अच्छे लाल मौर्य (35) पुत्र नान्हू राम ठेलिया चलाकर सामान ढोया करता था। शनिवार को तीन बजे के करीब वह घर की ओर ठेलिया लेकर जा रहा था। अचानक सामने से आ रहे ट्रक ने उसे टक्कर मार दिया।
जिससे वह ट्रक के पहिए के नीचे आ गया। इससे घटनास्थल पर ही उसकी दर्दनाक मौत हो गई। हादसे के बाद मौके पर तमाम ग्रामीण जमा हो गए। इस बीच ग्रामीणों ने ट्रक खड़ा कर भाग रहे चालक को दौड़ाकर धर दबोचा और पिटाई के बाद पुलिस के हवाले कर दिया। मौके पर पहुंची पुलिस ने चालक को हिरासत में लेकर शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। मृतक के भाई बाबूराम मौर्य की तहरीर पर पुलिस ने चालक के खिलाफ मामला दर्ज किया है। मृतक शादीशुदा तथा दो बच्चों का पिता भी था।