आए दिन हो रही व्यापारियों के साथ वारदात सहमे व्यपारी अब अपनी हिफाजत के लिए खुद आगे आए हैं। अब अगर किसी व्यापारी के साथ कुछ भी घटना घटित होती है तो उसे पांच लाख रुपये की आर्थिक मदद मिलेगी। वह भी सिर्फ 18 रुपये सलाना किस्त पर।
बाबागंज स्थित एक होटल में पत्रकारों से बात करते हुए उद्योग व्यापार मंडल के जिलाध्यक्ष मंजीत सिंह छावड़ा ने कहा कि बीते वर्ष में लूट, हत्या और छिनैती की जो घटनाएं हुई हैं, उनमें से अधिकांश व्यापारियों के साथ हुई है। जिला महामंत्री राजेंद्र केसरवानी ने कहा कि जिले का व्यापारी अपने को असुरक्षित महसूस कर रहा है। उन्होंने बताया कि प्रदेश अध्यक्ष बनवारी कंछल ने एक बीमा कंपनी से समझौता कर व्यापारियों की सुरक्षा के लिए बीमा योजना प्रारंभ करने का निर्णय लिया है।
उन्होंने बताया कि 30 रुपये वार्षिक किस्त का भुगतान करने वाले व्यापारियों के साथ अगर किसी तरह की वारदात होती है, तो उन्हें पांच लाख रुपये मिलेंगे। नगर अध्यक्ष अमर केसरवानी ने जिले की कानून व्यवस्था को ध्वस्त बताते हुए कहा कि जिले की पुलिस स्वयं की सुरक्षा को लेकर चिंतित है। इसके साथ्ज्ञ ही व्यापारियों ने जिला प्रशासन को चेताया है कि अगर हत्या, लूट और छिनैती की घटनाओं पर विराम नहीं लगा तो व्यापारी आन्दोलन करने के लिए मजबूर होंगे। इस दौरान उन्होंने अशोक कुमार सिंह को नगर महामंत्री की जिम्मेदारी सौंपते हुए मनोनयन पत्र सौंपा। इस मौके पर प्रदेश उपाध्यक्ष राम शंकर सिंह भी मौजूद रहे।