इलाहाबाद-फैजाबाद राजमार्ग पर शनिवार रात बेकाबू ट्रक ने सर्राफ बृजलाल सोनी (35) और अनुज चौरसिया (25) को रौंद दिया। घटनास्थल पर ही दोनों की दर्दनाक मौत हो गई। कोहड़ौर बाजार निवासी बृजलाल सोनी पुत्र शीतला प्रसाद सोनी और अनुज कुमार चौरसिया मित्र थे। शनिवार की रात करीब साढ़े आठ बजे दोनों निमंत्रण में शामिल होने के लिए बाइक से सुल्तानपुर जा रहे थे।
वे बाइक लेकर त्रिसुंडी गैस प्लांट के करीब पहुंचे ही थे कि सामने से आ रहे बेकाबू ट्रक ने उनकी बाइक में जोरदार टक्कर मार दी। जिससे दोनों गिर पड़े और ट्रक का पहिया दोनों को रौंदते हुए गुजर गया। घटनास्थल पर ही दोनों की मौत हो गई। सूचना पर लोग बाइक व दूसरे साधन से भागकर घटनास्थल पर पहुंचे। दोनों का शव बुरी तरह कुचल गया था। जिसे देखकर परिवारीजन बेहोश हो गए। स्थानीय पुलिस मौके पर पहुंची और शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।