लालगंज। कोतवाली क्षेत्र के रामपुर बावली मोड़ के समीप मंगलवार की देर रात पूर्णिमा स्नान के लिए जा रहे श्रद्धालुओं से भरा ट्रैक्टर अनियंत्रित होकर पलट गया। हादसे में एक वृद्धा की मौत हो गई, जबकि दर्जनभर से अधिक लोग घायल हो गए। हादसे के बाद अफरातफरी मच गई।
स्थानीय लोगों की सूचना पर पहुंची पुलिस ने घायलों को एंबुलेंस से सीएचसी पहुंचाया। चार लोगों की हालत गंभीर देख उन्हें जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया। जबकि आधा दर्जन से ज्यादा लोगों का इलाज सीएचसी में चल रहा है।
अमेठी जिले के संग्रामपुर थाना क्षेत्र स्थित सोनारी कालिकन गांव के एक दर्जन से अधिक श्रद्धालु पूर्णिमा पर्व पर गंगा स्नान के लिए ट्रैक्टर से मानिकपुर जा रहे थे।
लालगंज कोतवाली के रामपुर बावली मोड़ के समीप ट्रैक्टर अचानक अनियंत्रित होकर ट्राली समेत पलट गया। हादसे के बाद घटनास्थल पर हड़कंप मच गया। घायलों की चीख-पुकार सुन स्थानीय लोगों की भीड़ जमा हो गई। सूचना पर लालगंज पुलिस भी पहुंची। एंबुलेंस से घायलों को सीएचसी ले जाया गया। जहां वृद्धा देवकुमारी (60) पत्नी माताप्रसाद की इलाज के दौरान मौत हो गई।
जबकि माधुरी (40) पत्नी हरीश प्रसाद, लकी(7) पुत्र किशुन, राजकुमारी (55) पत्नी सुखराम, अनीता (15) पत्नी सुखराज की हालत गंभीर देख चिकित्सकों ने सभी को जिला अस्पताल के लिए रेफर कर दिया। अन्य घायल राजकुमारी पांडेय (55) पत्नी विजय, पार्वती (35), संजीव पांडेय (22), केशा देवी (35), सोनू (25), प्रेमा (35), आरती (20), निशा (35), आदर्श (8), विजयपाल पांडेय (70) का इलाज लालगंज सीएचसी में चल रहा है।