कोहड़ौर इलाके के छीड़ा गांव के निकट रविवार को इलाहाबाद से बहराइच जा रही रोडवेज बस बाइक सवार को बचाने में पेड़ से टकरा गई। इससे चालक, परिचालक समेत 26 लोग घायल हो गए। आसपास के लोगों ने बस में फंसे लोगों को बाहर निकाला। घायलों को सीएचसी कोहड़ौर ले जाया गया। इनमें से तीन की हालत गंभीर देख डाक्टरों ने इलाहाबाद रेफर कर दिया। घटना के वक्त बस में कुल 44 लोग सवार थे।
रविवार को इलाहाबाद से एक रोडवेज की बस सवारियों को लेकर बहराइच जा रही थी। शाम करीब पौने पांच बजे कोहड़ौर के छीड़ा गांव के निकट बाइक सवार को बचाने में बस अनियंत्रित होकर पेड़ से टकरा गई। प्रत्यक्षदर्शियों की मानें तो सड़क के किनारे एक ट्रक खड़ा था जिसके आगे निकलते ही अचानक बाइक सवार आ गया। उसे बचाने के लिए चालक ने ब्रेक लगाया। इससे बस अनियंत्रित हो गई। घायलों में इलाहाबाद की सलातुलनिशां (48), उनकी बेटी सुरैया (25), घनश्याम (28), शिवकुमार (62), प्रेमा देवी (45), बबलू (34), रमेश कुमार (33), बहराइच निवासी बनवारी (40), चालक प्रमोद तिवारी (37) और परिचालक संग्राम (41) समेत 26 लोग हैं। सलातुलनिशां, सुरैया और घनश्याम की हालत गंभीर होने पर चिकित्सकों से इलाहाबाद के लिए रेफर कर दिया, जबकि अन्य लोगों का इलाज चल रहा है। 16 यात्रियों को हल्की चोटें आई थीं।