सोमवार को इलाहाबाद-फैजाबाद राजमार्ग पर ट्रक का टायर फट गया। इससे बेकाबू ट्रक ने साइकिल सवार रिटायर्ड विद्युतकर्मी को रौंद दिया। जिससे उसकी मौत हो गई। घटना के बाद चालक ट्रक छोड़कर भाग निकला। मौके पर पहुंची पुलिस ने वाहन को अपने कब्जे में ले लिया। इस मामले में ट्रक चालक के खिलाफ पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर लिया है।
नगर कोतवाली के पूरे पितई निवासी रामदास (70) रिटायर्ड विद्युतकर्मी था। सोमवार की सुबह वह घर से साइकिल लेकर निरंकारी सत्संग भवन अजीत नगर के लिए निकला। देवकली मोड़ के करीब फैजाबाद की ओर जा रहे ट्रक का टायर फट गया। इससे ट्रक बेकाबू हो गया और साइकिल सवार वृद्ध को रौंद दिया। यह देख आसपास के लोगों ने शोर मचाया। घटना के बाद चालक घबरा गया और ट्रक छोड़कर भाग निकला। आसपास के लोगों ने गंभीर रूप से घायल वृद्ध को इलाज के लिए जिला अस्पताल भेजवाया। वहां डाक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। यह खबर मृतक के घर पहुंची तो लोग रोने बिलखने लगे। इधर मौके पर पहुंची पुलिस ने ट्रक को अपने कब्जे में ले लिया। स्वास्थ्यकर्मियों की सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।