राजा प्रताप बहादुर चिकित्सालय में अव्यवस्था से नाराज अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद के कार्यकर्ताओं की सीएमएस डॉ. शैलेंद्र कुशवाहा से तीखी झड़प हुई। नाराज कार्यकर्ताओं ने सीएमएस कार्यालय का घेराव कर मुर्दाबाद के नारे लगाए।
चिकित्सालय के वार्ड में वाटर कूलर न चलने से मरीज और तीमारदार गर्मी में पानी के लिए परेशान हो रहे हैं। वहीं, नियमित साफ-सफाई न होने से गंदगी का अंबार लगा हुआ है। सोमवार की दोपहर ड्यूटी पर तैनात गार्डों ने मरीज और तीमारदारों के साथ अभद्रता करते हुए मारपीट की थी। इससे नाराज एबीवीपी कार्यकर्ताओं ने मंगलवार को सीएमएस कार्यालय का घेराव कर मुर्दाबाद के नारे लगाए।
कार्यकर्ताओं को आक्रोशित देख सीएमएस ने फोन कर पुलिस बल को बुला लिया। सूचना पर पहुंचे कोतवाल नीरज यादव ने कार्यकर्ताओं को समझाने का प्रयास किया। हालांकि कार्यकर्ता उनकी बात सुनने को तैयार नहीं हुए। कार्यालय से बाहर आने पर सीएमएस से कार्यकर्ताओं की तीखी झड़प हुई।
अव्यवस्था को सुधारने के लिए कार्यकर्ताओं ने सीएमएस को मांगपत्र सौंपा। इस मौके पर संगठन मंत्री अनिल त्रिपाठी, प्रांत सहमंत्री सुधांश रंजन मिश्रा, जिला संयोजक शुभम मिश्रा, मोहित तिवारी, नवनीत त्रिपाठी, आयुष दूबे, मयंक शुक्ला, गौरव मिश्रा, सुशांत राजपूत, अनुमेष मौजूद रहे।