डॉ. सोनेलाल पटेल मेडिकल कॉलेज पहुंचे दंपती के कार पर भाजपा का झंडा देख ड्यूटी कर रहा गार्ड आग बबूला हो गया। युवक को नुकीले हथियार से घायल कर बंधक बना लिया। पुलिस के पहुंचने पर करीब एक घंटे बाद युवक छुड़ाया जा सका। गार्ड पर साथियों के साथ महिला से गालीगलौज करने का भी आरोप लगा है।
नगर कोतवाली क्षेत्र के गायघाट रोड दहिलामऊ निवासी सुनील सोमवंशी बुधवार की शाम करीब चार बजे पत्नी के साथ कार से मेडिकल कॉलेज पहुंचे। मेडिकल कॉलेज गेट पर खड़े गार्ड श्रवण पाल ने कार पर भाजपा का झंडा देख नाराजगी जताते हुए उसे उतारने की बात कही।
इस बात को लेकर दोनों में कहासुनी होने लगी। आग बबूला हुए गार्ड ने जान से मारने की धमकी देते हुए युवक पर नुकीले हथियार से हमला कर दिया। महिला को बाहर धकेल कर युवक को बंधक बना लिया। विरोध कर रही महिला से गालीगलौज की गई।
हंगामा होने पर लोगों की भीड़ घटनास्थल पर जमा हो गई।सूचना पर पहुंची नगर कोतवाली पुलिस ने युवक को गार्ड के चंगुल से बचाया। पीड़ित की तहरीर पर पुलिस ने गार्ड श्रवण पाल व एक अज्ञात के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की है।
वर्जन
युवक के बंधक बनाए जाने की सूचना पर पुलिस पहुंची थी। गार्ड समेत दो के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर मामले की जांच की जा रही है।
प्रशांत राज, सीओ सिटी
................
पुलिस की प्राथमिकी दर्ज करने के बाद घटना की जानकारी हुई। मामले की विभागीय जांच कराई जा रही है। - डॉ. राजेश चतुर्वेदी, प्राचार्य मेडिकल कॉलेज