अंतू इलाके में मारपीट में घायल युवक ने रविवार को दम तोड़ दिया। खबर पाकर ग्रामीण आक्रोशित हो गए। बवाल की आशंका पर अंतू पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
अंतू थाना क्षेत्र के बक्सू का पुरवा मकईपुर निवासी महेश वर्मा व शिवकुमार के बीच विवादित भूमि पर कब्जा करने को लेकर 26 अगस्त को मारपीट हो गई थी। इस दौरान शिवकुमार वर्मा तथा अजय वर्मा ने मिलकर 43 वर्षीय महेश वर्मा को लाठी-डंडे से पीटकर अधमरा कर दिया था। परिजनों ने उसे अस्पताल में भर्ती कराया।
चिकित्सकों ने इलाज करने के बाद उसे घर भेज दिया। रविवार सुबह महेश वर्मा की मौत हो गई। इससे परिजनों में कोहराम मच गया। महेश की मौत के बाद गांव में दोनों पक्षों के बीच एक बार फिर तनाव पैदा हो गया। मामले की जानकारी मिलते ही अंतू पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। दूसरी तरफ गांव में यह भी चर्चा है कि महेश को पखवारे भर पहले पागल सियार ने काट लिया था।
जिसके चलते उसकी मौत हुई है। फिलहाल, पुलिस सभी पहलुओं पर जांच कर रही है। थानाध्यक्ष मनोज तिवारी ने बताया कि करीब एक माह पहले दो पक्षों में मारपीट हुई थी। जिसमें महेश वर्मा घायल हुआ था। आरोपियों के विरुद्ध मुकदमा दर्ज किया गया था। उसकी मौत की सूचना पर पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। पोस्टमार्टम रिपोर्ट के आधार पर कार्रवाई की जाएगी।
आठ बदमाशों की पुलिस ने खोली हिस्ट्रीशीट
डकैती, लूट और छिनैती जैसी घटनाओं को अंजाम देने वाले आठ बदमाशों की रविवार को पुलिस ने हिस्ट्रीशीट खोली है। इनमें रानीगंज इलाके के चार, दो मानधाता और दो कोहड़ौर क्षेत्र के हैं।
एसपी अनुराग आर्य ने बताया कि रानीगंज थाना के चकसारा निवासी नौरेज पुत्र शाकिर अली, डीह निवासी अनिल यादव पुत्र सीताराम यादव, चकसारा निवासी जावेद पुत्र जाबिद अली और बलीपुर निवासी अरमान पुत्र शकील, मानधाता पुलिस ने स्थानीय बाजार निवासी अफसर अली पुत्र अब्बास अली, शेखनपुर के गुलजात पुत्र मुस्तकीम, कोहड़ौर पुलिस ने पूरे सई नरहरपुर निवासी शुभम सरोज पुत्र सुरेश सरोज और परशुरामपुर के नीरज कुमार गौतम पुत्र राजकुमार की हिस्ट्रीशीट खोली है।