हथिगवां के पुरनेमऊ गांव में बृहस्पतिवार की दोपहर एक चोर महिला के कपड़े पहनकर पूर्व प्रधान के घर में घुस गया। उनकी बहू को दुपट्टे से बांधकर घर में दिनदहाड़े लाखों रुपये के आभूषण लूट लिए और फरार हो गया। सूचना पर पहुंची पुलिस जांच में जुट गई है।
क्षेत्र के पुरनेमऊ गांव के पूर्व प्रधान राम असारे यादव के बेटे संदीप यादव की पत्नी सरला यादव बृहस्पतिवार की दोपहर करीब एक बजे घर पर अकेली थी। महिला के कपड़े पहनकर एक युवक घर पहुंचा और दरवाजे पर बैठी सरला से बोला दीदी भूख लगी है, कुछ खाने को दे दो। सरला जैसे ही रसोई में जाने लगी, युवक भी पीछे-पीछे घर के अंदर पहुंच गया।
मौका पाकर चोर ने दुपट्टे से सरला का मुंह कस दिया और उन्हें बेड से बांध दिया। इसके बाद उनके लाखों रुपये के आभूषण लेकर फरार हो गया। कुछ देर बाद किसी तरह खुद को छुड़ाकर सरला ने शोर मचाया तो आसपास के लोग मौके पर पहुंचे और पुलिस को सूचना दी।
खबर मिलते ही सरला के पति संदीप यादव और पूर्व प्रधान रामआसरे यादव भी घर पहुंच गए। सूचना पर पुलिस टीम मौके पर पहुंची और घटना स्थल का निरीक्षण किया। पुलिस आसपास के लोगों से पूछताछ कर चोर की तलाश में जुटी है। पुलिस के अनुसार मामला संदिग्ध है। जांच की जा रही है।