संग्रामगढ़ के सांडा हर्षपुर नहर पटरी के पास 50 हजार के इनामी लुटेरे से पुलिस की मुठभेड़ हो गई। पुलिस की जवाबी फायरिंग में लुटेरे के पैर में गोली लगी। उसे उपचार के लिए सीएचसी संग्रामगढ़ ले जाया गया। हालत गंभीर देख उसे एसआरएन रेफर कर दिया गया।
पुलिस उपाधीक्षक लालगंज आशुतोष मिश्रा ने बताया कि 28 जुलाई की रात संग्रामगढ़ थाना क्षेत्र के अवसानगंज बाजार में दुकान बंद कर सराफ रमेश सोनी अपने घर जा रहे थे। तभी बाइक सवार चार बदमाशों ने तमंचे के बल पर जेवरात से भरा उनका बैग लूट लिया। विरोध करने पर रमेश को मारपीट कर घायल कर दिया। बाजार के लोगों के दौड़ने पर फायरिंग करते भाग निकले।
मुकदमा दर्ज कर पुलिस बदमाशों की तलाश करने लगी। महेशगंज क्षेत्र में भी 30 जून को बाइक सवार तीन बदमाशों ने स्कूटी से घर जा रहे जन सेवा केंद्र संचालक से लूटपाट की थी। दोनों घटनाओं में शामिल छह बदमाशों को पहले ही जेल भेजा जा चुका है।
मंगलवार की रात एसओजी प्रभारी अमित चौरसिया अपनी टीम के साथ घटना में शामिल फरार 50 हजार के इनामी लुटेरे को पकड़ने के लिए जाल बिछाए थे। इस बीच संग्रामगढ़ थानाध्यक्ष सत्येंद्र सिंह भदौरिया भी पहुंच गए। तभी एक बाइक सवार दिखा। जिसे पुलिस ने रोका तो वह बाइक घुमाकर भागते समय पुलिस पर फायर कर दिया।
पुलिस की जवाबी फायरिंग में बदमाश के पैर में गोली लगी और वह गिर पड़ा। मौके पर पहुंची पुलिस टीम ने उसकी पहचान प्रयागराज जनपद के नवाबगंज थाना क्षेत्र के फरीदपुर निवासी गोविंद गौतम के रूप में की। आनन-फानन में उसे उपचार के लिए सीएचसी संग्रामगढ़ ले जाया गया, जहां से डॉक्टरों ने उसे एसआरएन रेफर कर दिया। तलाशी के दौरान उसके पास से तमंचा कारतूस, आभूषण और बाइक बरामद हुई। पुलिस ने उसके ऊपर 50 हजार का इनाम घोषित कर रखा था। उसके ऊपर प्रतापगढ़ व प्रयागराज में कुल 10 मुकदमे दर्ज हैं।