जिला अस्पताल ढहाई जाने वाली दीवारों पर स्वच्छता अभियान का पेंट किया जा स्लोगन।
- फोटो : PRATAPGARH
मेडिकल कॉलेज निर्माण के लिए जिला अस्पताल के जर्जर भवन और दीवारों को गिराने के लिए चिह्नित किया गया है। इन भवनों और दीवारों को चिह्ति कर निशान भी लगाया जा चुका है। स्वास्थ्य विभाग इन दीवारों पर पेंटिंग करा रहा है। यह देख हर कोई हैरत में है।
योगी सरकार ने जिला अस्पताल को मेडिकल कॉलेज का दर्जा दे दिया है। जिला अस्पताल को उच्चीकृत करते हुए मेडिकल कॉलेज बनाए जाने के लिए बजट भी पास कर दिया है। मेडिकल कॉलेज का निर्माण पूरे केशव राय में शुरू हो गया है। जिला अस्पताल में सात मंजिला भवन तैयार होना है। मुख्यमंत्री के दौरे के बाद मेडिकल कॉलेज निर्माण में तेजी आ गई है।
कार्यदायी संस्था ने जर्जर भवन को गिराए जाने के लिए एक बार फिर से नोटिस देते हुए रेड क्रास का निशान लगा दिया। अब इसका फायदा स्वास्थ्य विभाग के जिम्मेदार अफसर उठा रहे हैं। जिन दीवारों और भवनों को तोड़ा जाना है उन पर पेटिंग और वॉल राइटिंग कराई जा रही है। चर्चा है कि इसके जरिए लाखों रुपये इधर-उधर करने की तैयारी है।
हमें नहीं पता है। मैं पैथालॉजी और ओपीडी के साथ वार्ड की जानकारी रखता हूं। वॉल राइटिंग सीएमओ करा रहे हैं।
डॉक्टर, योगेंद्र यति, सीएमएस, जिला अस्पताल।
बजट के बारे में मुझे जानकारी नहीं है। जिस दीवार पर स्लोगन लिखाए जा रहे हैं उन्हें तोड़ा नहीं जाएगा। हो सकता है कि भूलवश पेंटिंग हो गई हो। जिला अस्पताल के बारे में ज्यादा जानकारी सीएमएस ही दे सकते हैं।
डॉक्टर, एके श्रीवास्तव, सीएमओ।