मेडिकल कॉलेज के पुरुष वार्ड के इमरजेंसी कक्ष की सुविधाएं बेहतर होंगी। बेड की संख्या को 15 से बढ़ाकर 35 करने के साथ 10 बेड का ग्रीन और रेड वार्ड तैयार किया जाएगा। अति गंभीर मरीजों के लिए दो बेड का वेंटिलेटर वार्ड तैयार किया जाएगा। जनवरी 2026 में सुविधाएं मुहैया होंगी। योजना पर तीन करोड़ रुपये खर्च होंगे।
मेडिकल कॉलेज के सीएमएस डॉ. शैलेंद्र कुशवाहा ने बताया कि मौजूदा समय में उनके पास महज 15 बेड का इमरजेंसी वार्ड है। जिसे 35 बेड तक बढ़ाने के लिए प्राचार्य डॉ. रश्मि यादव के माध्यम से शासन को पत्राचार किया गया था। शासन ने अनुमति दे दी है। उन्होंने बताया कि इमरजेंसी के ठीक बगल 10 बेड का ग्रीन, 10 बेड का रेड और दो बेड का वेंटिलेटर वार्ड तैयार किया जाएगा। इमरजेंसी में मरीजों को 24 घंटे ही रखा जाएगा।
इन वार्डों में एक स्टाफ नर्स, वार्ड बॉय के साथ एक डॉक्टर की ड्यूटी लगाई जाएगी। मेडिकल कॉलेज की प्राचार्य डॉ. रश्मि यादव ने कहा कि शासन ने इमरजेंसी में बेड बढ़ाने के साथ ग्रीन और रेड वार्ड तैयार करने की अनुमति दे दी है। शासन से तीन करोड़ का बजट मांगा गया है। जल्द ही बजट मिलने की उम्मीद है।