प्रतापगढ़। टेंपो से सवारियां लेकर जिला मुख्यालय आ रहे लोक निर्माण विभाग के कर्मचारी के बेटे की गोली मारकर हत्या कर दी गई। बाइक सवार दो हमलावरों ने कंधई थाना क्षेत्र के कोनी से सकरा जाने वाली सड़क पर नहर पटरी पर उसे गोली मार दी। टेंपो में बैठे लोग तुरंत नीचे उतरे लेकिन दोनाें हमलावर कोनी बाजार की ओर भाग निकले। जिला अस्पताल पहुंचने से पहले युवक की सांसें थम चुकी थीं।
कंधई थाना क्षेत्र के सकरा गांव निवासी रामसुंदर पांडेेय जिला मुख्यालय पर लोक निर्माण विभाग में नियुक्त है। उसके चार बेटों में दूसरे नंबर का दिनेश (35) टेंपो चलाता था। उसने 4 साल पहले टेंपो खरीदा था। उसकी शादी 1998 में मध्य प्रदेश के सतना निवासी विमलेश से हुई थी। अब तक उसे कोई बच्चा नहीं हुआ। सुबह दिनेश अपने घर से कोनी बाजार के लिए निकला। सकरा बाजार में ही उसके टेंपो पर इलाहाबाद में सुरक्षा गार्ड सकरा निवासी दिनेश सिंह, रमेश हलवाई और नारायणपुर के साधूराम व दुर्गाराम वर्मा बैठ गए। साधूराम व दुर्गाराम आगे और दिनेश, रमेश पीछे बैठे थे। कोनी बाजार से पहले मकरहा नहर पुल के पास ओवरटेक करते हुए बाइक सवार दो युवक पहुंचे और चलते टेंपो में दिनेश को गोली मार दी। हमलावर कोनी बाजार की ओर भाग निकले। साथ मौजूद लोगाें की सूचना पर परिजन पहुंचे और उसे लेकर जिला अस्पताल आए लेकिन उसकी सांसें थम चुकी थीं। सूचना मिलने पर कंधई थाने के प्रभारी निरीक्षक रामनरेश यादव और एसआई नंदलाल यादव जिला अस्पताल पहुंचे। पिता की तहरीर पर अज्ञात के खिलाफ हत्या की रिपोर्ट दर्ज की गई है।