विहार। इलाहाबाद जलशाखा से निकली भद्री रजबहा गुरुवार को भोर में नयापुरवा के करीब टूट गई। इससे इलाके में पानी भर गया जबकि नहर से सिंचाई करने वाले किसानों को दिक्कत का सामना करना पड़ेगा।
भद्री रजबहा टूटने के बाद ग्रामीणों की सूचना पर नहर में पानी की सप्लाई बंद कर दी गई। इस नहर से कुंडा और विहार विकासखंड के हजारों किसानों के खेत की सिंचाई होती है। मौजूदा समय में धान की फसल सिंचाई के अभाव में सूखने की कगार पर है। किसान नहर के पानी से खेतों की सिंचाई कर रहे थे लेकिन नहर टूटने से सभी के मंसूबों पर पानी फिर गया। इससे किसानों में आक्रोश पनप रहा है। बिजली और नहर के दगा देने से किसान किसी भी दिन हंगामा कर सकते हैं। अब तो विभाग के ध्यान देने से ही उनकी फसल बर्बाद होने से बच सकती है।