कटरामेदनीगंज। नगर कोतवाली क्षेत्र के कटरामेदनीगंज बाजार में दो बाइकों की भिड़ंत में सामने से आ रहा टेंपो अनियंत्रित होकर पलट गया। हादसे में वृद्धा समेत चार लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। सभी को एंबुलेंस से जिला अस्पताल लाया गया। हालत गंभीर देख दो युवकों को इलाहाबाद रेफर कर दिया गया।
अंतू थाना क्षेत्र के पूरेरामदेव गांव निवासी अजय (28) पुत्र रामनाथ अपने चचेरे भाई आदर्श (32) पुत्र स्वामीनाथ के साथ बाइक से सोमवार की सुबह एआरटीओ कार्यालय आया था। वापस लौटते समय कटरामेदनीगंज बाजार में दूसरे बाइक सवार से जोरदार भिड़त हो गई। उधर, सामने से आ रहा टेंपो बाइकों की आपसी भिड़ंत से अनियंत्रित होकर पलट गया। हादसे में टेंपो सवार कय्यूम (75) व उसकी पत्नी इकरामुलनिशा (70) निवासी रानीगंज भी गिरकर घायल हो गई। वह डेरवा बाजार से दवा लेकर लौट रहे थे। लोगों की सूचना पर पहुंची पुलिस ने एंबुलेंस से घायलों को जिला अस्पताल भेजवाया। जहां आदर्श और अजय की हालत नाजुक देख चिकित्सकों ने प्राथमिक उपचार के बाद इलाहाबाद रेफर कर दिया। उधर, मानधाता क्षेत्र के अकारीपुर गांव निवासी दीनानाथ (35) पुत्र रामलाल अपने भांजे संदीप (30) पुत्र पन्नालाल निवासी बाबूगंज, लालगंज के साथ बाइक से बेल्हा देवी दर्शन के लिए आया था। वापस घर जाते समय भदोही गांव के समीप सामने आए कुत्ते को बचाने में बाइक अनियंत्रित होकर पलट गई। घायलों को एंबुलेंस से जिला अस्पताल लाया गया।