प्रतापगढ़। बिजली न मिलने से नाराज देवकली के लोगों ने विद्युत उपकेंद्र पर धावा बोल दिया। परिसर में तोड़फोड़ के बाद एसएसओ व लाइनमैन की भीड़ ने जमकर पिटाई कर दी। सूचना पर जब तक पुलिस पहुंची लोग भाग चुके थे। एसएसओ ने मारपीट के दौरान नगदी, मोबाइल और तारों का बंडल लूट लिए जाने का आरोप लगाया है।
रूपापुर उपकेंद्र से देवकली, गोपालापुर, पितई का पुरवा, कुसमी, जोगापुर, करनपुर समेत कई मोहल्लों में बिजली आपूर्ति होती है। शनिवार को देवकली मोहल्ले का ट्रांसफार्मर जल गया। देर रात तक ट्रांसफार्मर बदला नहीं जा सका। इससे नाराज दो दर्जन युवक बाइक से उपकेंद्र पहुंचे और दूसरे मोहल्लों की आपूर्ति जारी होने पर नाराजगी जताते सभी फीडर बंद करा दिए। विरोध करने पर युवकों ने एसएसओ मो.तारिक, लाइनमैन वीरेंद्र व मनोज की पिटाई कर दी। आरोप है कि मारपीट के दौरान उनका मोबाइल और 15 सौ रुपए छीन लिए। अपनी जान बचाने के लिए कर्मचारी वहां से भाग निकले। इसके बाद लोगों ने खिड़की और दरवाजे पर पथराव कर शीशे तोड़ दिए। सूचना मिलने पर नगर कोतवाली पुलिस मौके पर पहुंची तो हमलावर दूसरे रास्ते से भाग निकले। घटना के बाद बिजली विभाग के अफसर पहुंचे लेकिन कर्मचारी वापस नहीं आए। किसी तरह दूसरे कर्मचारियों ने बंद फीडरों को चालू कराया। रविवार को भी पीड़ित कर्मचारी काम पर नहीं लौटे। दूसरे कर्मचारी वहां तैनात किए गए हैं। इस बाबत अवर अभियंता एसबी प्रसाद का कहना है कि ठेकेदार से संविदा कर्मचारियों को बुलाया गया है। उनके आने के बाद पुलिस को तहरीर देकर अराजकता करने वालों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कराई जाएगी।