छात्रा के साथ छेड़छाड़ करने से रोकने के कारण दुकानदार पर हमला बोलने पहुंचे शोहदे के साथियों की जमकर पिटाई हुई। पब्लिक के साथ दुकानदाराें ने हमलावरों को दौड़ा-दौड़ाकर पीटा। करीब पंद्रह मिनट तक बवाल होता रहा।लेकिन मात्र दो सौ मीटर स्थित कोतवाली पुलिस और चौकी के लोगों को भनक तक नहीं लगी।
जिला अस्पताल के गेट से होकर शनिवार की सुबह दो छात्राएं कोचिंग जा रही थीं। पोस्टमार्टम हाउस से ही एक मनचला उनसे छेड़छाड़ करने लगा। उसकी हरकत से परेशान छात्राओं ने जिला अस्पताल गेट के बगल स्थित मेडिकल स्टोर के संचालक को आपबीती बताते हुए मदद मांगी। दुकानदार ने युवक को फटकारा तो वह भाग निकला। कुछ देर बाद मनचला करीब दस लोगों के साथ बाइक से आ धमका। रास्ते में रोड़ा बने दुकानदार पर वे हमलावर हुए तो आसपास के लोग दौड़ पड़े । पहले तो लोगों ने मामला शांत कराने की कोशिश की लेकिन जब बात नहीं बनी तो हमलावरों को पब्लिक ने पीटना शुरू कर दिया। यह देख हमलावर अपनी जान बचाने के लिए बाइक लेकर भागने लगे। मनचलों का साथ देने आए युवकों को पब्लिक ने जमकर धुना। इससे अस्पताल और गेट के बाहर अफरा-तफरी का माहौल व्याप्त हो गया। महज दो सौ मीटर दूरी पर मौजूद कोतवाली पुलिस और न ही पुलिस चौकी के लोगों को भनक लग सका। इससे लोगों में खासा आक्रोश देखा गया।