बसपा ने अरुण कुमार सिंह मुन्ना को विश्वनाथगंज विधानसभा के होने वाले उपचुनाव के लिए प्रत्याशी घोषित किया है। मुन्ना दो बार अमेठी जनपद के संग्रामपुर से ब्लाक प्रमुख भी रह चुके हैं।
बसपा के जोन कोआर्डिनेटर विजय प्रताप, गुरु प्रसाद मौर्य, आरडी गौतम, बाबूलाल भौंरा ने बुधवार को संयुक्त रूप से बताया कि विश्वनाथगंज विधानसभा सीट से होने वाले उपचुनाव में अरुण कुमार सिंह मुन्ना पार्टी के प्रत्याशी होंगे। बताया जाता है कि कांग्रेस, भाकियू और क्षत्रिय महासभा के प्रदेश अध्यक्ष रह चुके मुन्ना ने करीब पांच साल पहले बसपा का दामन थामा। इसके पहले वह अमेठी से निर्दलीय प्रत्याशी के रूप में भी किस्मत आजमा चुके हैं। विश्वनाथगंज विधानसभा क्षेत्र में उनकी जमीन पड़ती है और किठावर समेत अन्य बाजारों में उनका बैठना उठना है। प्रत्याशी घोषित होने पर अमर उजाला से बातचीत के दौरान कहा कि वह हमेशा जनता के हित में संघर्ष करते रहे हैं। जो जिम्मेदारी बसपा मुखिया ने सौंपी हैं वह क्षेत्र की जनता के बूते पूरी करेंगे।