रानीगंज। तीन दिनों से युवकाें के उपद्रव की शिकायत थाने में करना दलित परिवार को भारी पड़ गया। आरोपी युवकाें ने रविवार शाम धावा बोल जमकर मारपीट और तोड़फोड़ की। आसपास के लोगाें के सामने आने पर फायरिंग कर दी। हमले में घायल दो वृद्धों को सीएचसी रानीगंज लाया गया है।
संडौरा गांव निवासी सुरेंद्र सरोज के घर तीन-चार दिनाें से पड़ोसी गांव बालीपुर के कुछ युवक पहुंचकर उपद्रव कर रहे थे। सुरेंद्र ने रोका तो वे उसे धमकी देने लगे। आजिज आकर वह रविवार शाम शिकायत लेकर थाने पहुंच गया। इसकी जानकारी बालीपुर के युवकों को हुई तो वे चार मोटर साइकिलाें से सुरेंद्र के घर पहुंच गए। युवकों ने परिवार के लोगों की पिटाई शुरू कर दी। महिला, बूढ़े, बच्चे जो भी मिला उसकी पिटाई करने के बाद तोड़फोड़ की। यह देख आसपास के घराें के लोग भी भाग खड़े हुए हुए। कुछ लोगों ने रोकने का प्रयास किया तो हमलावरों ने फायरिंग शुरू कर दी। सभी को मारने पीटने के बाद हमलावर मोटर साइकिलें लेकर भाग निकले। ग्रामीण घायल राम अजोर (55), रामसुंदर (50) को रानीगंज सीएचसी लाए। यहां से जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया। सूचना पर पहुंची पुलिस ने आरोपियों की तलाश में उनके घर दबिश दी लेकिन कोई हत्थे नहीं चढ़ा। इस बाबत प्रभारी निरीक्षक ओपी त्रिपाठी ने बताया कि हमलावराें की तलाश की जा रही है।