जोगापुर कांशीराम कालोनी निवासी राजकुमार गुप्ता की हत्या का राज जानने के लिए पुलिस अब उसके परिजनों से पूछताछ करेंगी। उसकी पत्नी से पूछताछ करने के लिए पुलिस मुंगरा बादशाहपुर जौनपुर जाएगी।
बादशाहपुर का निवासी राजकुमार नगर कोतवाली के सिटी कस्बा निवासी ओम प्रकाश मिस्त्री की कार चलाता था। उसने शहर के जोगापुर कालोनी में आवास एलाट करा लिया था। पांच दिन पूर्व गुरुवार को उसका शव पट्टी कोतवाली क्षेत्र में पाया गया था। तीन गोलियां मारकर उसकी हत्या कर दी गई थी। कार दूसरे दिन ढकवा बाजार से बरामद की गई। एक दिन पहले कार किराए पर ले जाने वाले नगर कोतवाली के गोंडे़ गांव निवासी संदीप के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कराई गई थी। पुलिस ने संदीप की तलाश करने के साथ ही हत्या का कारण जानने के लिए कार मालिक ओम प्रकाश से पूछताछ की, लेकिन कोई नतीजा नहीं निकला। पुलिस ने अब राजकुमार की पत्नी से बात करने के लिए जौनपुर मुंगरा बादशाहपुर जाने का निर्णय लिया है। पट्टी कोतवाल कुलदीप तिवारी ने बताया कि कार मालिक पूछताछ में हर बात नकार रहा है जबकि राजकुमार काफी दिनाें से उसकी कार चलाता था।