प्रतापगढ़। जिला अस्पताल में मंगलवार को संवेदनहीनता की हद पार हो गई। मरीजों को बाहर निकाल फिजियोथेरेपी कक्ष में सीएमएस ने ताला लगवा दिया। डॉक्टर का रजिस्टर भी जब्त कर लिया। साथ में मौजूद गार्ड ने कई मरीजों का पर्चा बाहर फेंक दिया। यह देख मरीज बगैर इलाज वहां से लौट गए।
सुबह करीब 8.30 बजे डॉ. राजीव त्रिपाठी फिजियोथेरेपी कक्ष पहुंच रोज की तरह मरीजों का इलाज करने लगे। इसी बीच गार्ड के साथ सीएमएस उनके पास पहुंचे। डॉक्टर से शिकायत व अस्पताल में तैनाती न होने की बात कर बाहर निकालने लगे। इस बात को लेकर दोनों में बहस शुरू हो गई। सीएमएस ने मरीजों को भी कक्ष से बाहर जाने का निर्देश दिया। गार्ड ने मरीजों को बाहर कर दिया। डॉक्टर के टेबल पर रखे मरीजों के पर्चे गार्ड ने बाहर फेंकते हुए कक्ष में ताला डाल दिया। सीएमएस मरीजों के उपचार वाला रजिस्टर जब्त कर चले गए। कोहड़ौर के बासूपुर निवासी शीतला प्रसाद भतीजे राहुल की फिजियोथिरेपी कराने आए थे। इन्होंने बताया कि सीएमएस के गार्ड ने कक्ष से निकाल कर पर्चा फेंक दिया। दीवानगंज मनैतापुर निवासी इंद्रकांत शुक्ला ने भी यही बात कही। कक्ष के बगल में वृक्ष के पेड़ के नीचे कई पर्चे पड़े थे। करीब 11 बजे मामला तूल पकड़ने पर सीएमएस ने फीजियोथेरेपी कक्ष खुलवा दिया। हालांकि तब तक मरीज लौट चुके थे।