शिवगढ़। कंधई थाना क्षेत्र के चौपई गांव में पुरानी अदावत को लेकर सब्जी विक्रेता पर पड़ोसियों ने चाकू से हमला बोल दिया। इससे उसकी आंख लहूलुहान हो गई। मारपीट में दूसरे पक्ष से एक युवक भी घायल हो गया। घायलों को जिला अस्पताल भेजा गया। वहां डाक्टरों ने सब्जी विक्रेता की हालत गंभीर देख इलाहाबाद रेफर कर दिया।
चौपई गांव निवासी दारा सिंह (52) सब्जी विक्रेता है। उसका पड़ोस के राम नगीना सिंह से जमीन को लेकर पुरानी रंजिश है। वह बुधवार शाम सब्जी लेकर बाजार जा रहा था। रास्ते में विरोधी पक्ष के राजेश व अन्य लोग उसे रोककर मारने पीटने लगे। हल्ला गुहार सुनकर दारा के घरवाले दौड़े तो हमलावरों ने उसकी आंख में चाकू घोंप दिया। इसके बाद दोनों पक्षों में जमकर लाठी डंडे चले। गंभीर रूप से घायल दारा को परिजन जिला अस्पताल लेकर आए। हालत गंभीर देख डाक्टरों ने उसे इलाहाबाद रेफर कर दिया। उसकी आंख की रोशनी गायब हो गई थी। दूसरे पक्ष से महेंद्र को भी घायल अवस्था में जिला अस्पताल भेजा गया। उसकी हालत भी गंभीर बनी हुई है। खबर मिलने पर कंधई पुलिस मौके पर पहुंची और मारपीट करने वालों की तलाश शुरू कर दी।