प्रतापगढ़। जिला प्रशासन के रवैये से नाराज कांवड़ियाें ने रविवार को भारी बवाल किया। भूपियामऊ में शनिवार शाम डीजे रोकने को लेकर शुरू हुआ विवाद इतना बढ़ा कि रविवार सुबह कांवड़ियों और पुलिस में जमकर मारपीट हुई। सुबह जोगापुर में सीताराम धाम के पास हाईवे पर कांवड़ियों ने जाम लगा दिया। इस दौरान पुलिस से विवाद होने पर कांवड़ियों ने शहर कोतवाल पर हमला कर दिया। पथराव में भंगवा चौकी प्रभारी का सिर फूटा और कई सिपाही घायल हो गए। दोपहर बाद डीजे मिला, उसके बाद कांवड़िए रवाना हुए। जाम के कारण इलाहाबाद और फैजाबाद से आने जाने वाली सैकड़ों गाड़ियां फंसी रहीं। लोगों को भारी उमस में परेशान होना पड़ा।
विवाद डीजे बजाने से रोकने को लेकर हुआ। शनिवार शाम भुपियामऊ में झड़प हुई। रात में सीताराम धाम पर कांवड़ियों ने विश्राम किया। डीजे रोकने को लेकर उनमें नाराजगी थी। सुबह एक कांवड़िया करन का एक सिपाही से विवाद हो गया। करन का आरोप है कि सिपाही ने कांवड़ का अपमान किया। मामला तूल पकड़ने पर कांवड़ियों ने सीताराम धाम के सामने इलाहाबाद-फैजाबाद हाईवे पर सुबह करीब साढे़ 8 बजे जाम लगा दिया। जानकारी पर शहर कोतवाल कुलदीप तिवारी, भंगवा चुंगी चौकी प्रभारी राज वकील मिश्र पुलिस बल के साथ पहुंच गए। कांवड़ियों ने मांग रखी कि डीजे बजाने की अनुमति नहीं मिलेगी तो जाम खत्म नहीं होगा। अधिकारी नहीं माने तो कांवड़ियाें से कोतवाल का विवाद हो गया। थोड़ी ही देर में कांवड़ियों ने पुलिस पर पथराव कर दिया। उनका आरोप था कि कोतवाल ने उन पर अभद्र टिप्पणी की। वांवड़ियों की कोतवाल से हाथापाई भी हुई। पत्थर लगने के कारण चौकी प्रभारी का सिर फट गया। कई और सिपाहियाें को भी चोटें आईं। पथराव होने पर पुलिस वाले भाग निकले। कांवड़ियों ने सड़क किनारे खड़ी एक चीता मोबाइल बाइक को चकनाचूर कर आग के हवाले कर दिया। उसे बुझाने के लिए फायर ब्रिगेड भी नहीं पहुंच सका। जामस्थल से दूर अपने वाहन रोककर एडीएम पुनीत शुक्ला, एएसपी विसर्जन सिंह यादव, एसडीएम सदर संजय खत्री और सीओ सिटी ज्ञानेंद्र नाथ प्रसाद भी पीएसी के साथ पहुंच गए। कांवड़ियों ने उन पर भी पथराव किया। बवाल बढ़ता देख पूर्व सांसद सीएन सिंह, भाजपा नेता धीरज ओझा, हिंदू युवा वाहिनी के जिलाध्यक्ष अच्युतानंद मिश्र समेत कई जनप्रतिनिधियों ने बीच बचाव किया। अफसराें ने अभद्रता करने वाले कोतवाल और सिपाही को निलंबित करनेे, डीजे बजाने, कांवड़ियाें की सुरक्षा करने का आश्वासन दिया तब जाकर करीब साढे़ बारह बजे कांवड़िया जाम खत्म कर आगे बढ़े। डीजे के साथ भंगवा चुंगी पहुंचे कांवड़ियों ने फिर जाम लगा दिया और शहर कोतवाल को बर्खास्त करने की मांग करने लगे। वहां भी अधिकारियों से काफी देर तक बहस हुई। किसी तरह कांवड़ियाें को आगे रवाना किया जा सका। आगे बढ़ने के बाद चौक के पास फिर जाम लगा दिया। वहां डीएम और एसपी समझाने पहुंचे तो उन्हें ही घेर लिया। दोनों अधिकारी चुपचाप वहां से खिसक लिए। थोड़ी देर बाद वहां से भी जाम खत्म हुआ।