प्रतापगढ़। सपा नेता सहित दोहरे हत्याकांड का सह आरोपी शकील अभी भी जीआरपी की पकड़ से दूर है। उसकी लोकेशन दूसरे प्रदेश में मिल रही है। गिरफ्तारी न होने से जीआरपी के माथे पर चिंता की लकीरें दिख रही हैं।
नगर कोतवाली के महुआर गांव निवासी सपा नेता फिरोज और उसके साथ घर जा रहे एजाज की गोली मारकर रेलवे ट्रैक पर हत्या कर दी गई थी। मामले में दो लोग गिरफ्तार किए गए और एक ने कोर्ट में सरेंडर कर दिया। इसके अलावा जीआरपी ने मुख्य हत्यारोपी अली हसन उर्फ अल्ली के साथ ही वकील सहित सभी को गिरफ्तार कर चुकी है। सिर्फ एक शकील ही अभी तक उसकी पकड़ से बाहर है। उसके न पकड़ेे जाने से जीआरपी अपनी पीठ नहीं थपथपा पा रही है। उधर, आरोपी की लोकेशन भी दूसरे प्रदेश में मिलने से उसके सामने परेशानी खड़ी हो गई है। सूत्रों की मानें तो जीआरपी उसके परिजनों पर दबाव बना रही है। शीघ्र ही उसकी भी गिरफ्तारी हो सकती है। इस बाबत जीआरपी एसओ बताते हैं कि उसकी लोकेशन मिल रही है। जल्द ही उसे गिरफ्तार कर लिया जाएगा।