कुंडा। कोतवाली क्षेत्र के विदासिन, ऊगापुर गांव में शनिवार की रात चोरों ने नकब लगाकर सात घरों में चोरी की। चोर नगदी समेत लाखों रुपये का सामान ले गए। भुक्तभोगी परिवारों ने कोतवाली पुलिस को तहरीर दी, लेकिन रिपोर्ट दर्ज नहीं की गई। इससे लोगों में आक्रोश है।
कोतवाली क्षेत्र के ऊगापुर गांव निवासी छेदीलाल के घर नकब लगाकर चोरों ने 70 हजार के जेवरात, 6 हजार की नगदी, जयसिंह यादव के घर से मोबाइल सेट, हजारों की नगदी, कंधई यादव के घर से तीन मोबाइल, हजारों की नगदी, देवीदीन यादव के घर से साइकिल, नगदी व सामान उड़ा दिया। इसी प्रकार बगल गांव के विदासिन निवासी दीपक पटेल के घर से लाखों के जेवरात व सामान, मनोज कुमार के घर से नगदी, कपड़ा, बर्तन आदि गायब कर दिया। सभी चोरियों की जानकारी भुक्तभोगी परिवारों को सुबह हो सकी। परेशान भुक्तभोगी परिवारों ने पहले मनगढ़ पुलिस चौकी बाद में कोतवाली में तहरीर दी लेकिन रिपोर्ट दर्ज नहीं की गई। उधर, स्थानीय पुलिस ने घटना की जानकारी से इनकार किया है।