प्रतापगढ़। पुलिस लाइन में अभ्यास के दौरान रानीगंज के किसानों ने जमकर प्रदर्शन किया तो पुलिस के जवानों ने भी लाठियां भांजने में कोई कसर नहीं छोड़ी। अभ्यास के दौरान रंगरूटों ने पानी की धार के माध्यम से भीड़ को तितर-बितर करने व आगजनी कर रहे लोगों को काबू में करने के लिए अभ्यास किया। रानीगंज थाना क्षेत्र बनाकर पुलिस ने रणक्षेत्र तैयार किया। काफी देर तक पुलिस लाइन में पुलिस प्रशासन मुर्दाबाद के नारे लगते रहे। कभी ग्रामीण पुलिस को दौड़ाते तो कभी पुलिस ग्रामीण बने रंगरूटों को डंडा घुमाते दौड़ाती।
पुलिस लाइंस में रानीगंज थाने का खाका बनाया गया था। यहां ग्रामीण मांगों को लेकर पुलिस प्रशासन मुर्दाबाद के नारे लगाते रहे। इसके बाद आगजनी के साथ ही मौके पर आए पुलिस वालों को किसानों ने दौड़ा लिया। बाद में पुलिस ने मोर्चा संभालने का अभ्यास करते हुए पानी की धार से भीड़ को तितर-बितर करने का प्रयास किया। इसके बाद पुन: स्थिति ग्रामीणों के हाथों में गई और पुलिस को दौड़ा लिया। मौके पर देखने से यही लग रहा था कि वास्तव में पुलिस और ग्रामीणों में युद्ध शुरू हो गया। रंगरूटों ने अभ्यास के दौरान कई तरह के गुण सीखे तो उन्हें काफी समस्याओं का सामना भी करना पड़ा। कई मामलों में अभ्यास के दौरान ही खाकी इसमें फेल नजर आई। यदि खाकी का अभ्यास में यह हाल है तो ऐसी घटनाओं को रोकने में वह कितनी तेजी ला सकेगी।
दंगा नियंत्रण अभ्यास में मांगों को लेकर प्रदर्शन कर रहे ग्रामीणों को तितर-बितर करने के क्रम में पानी की धार के बाद अश्रुगैस का गोला छोड़ने का प्रयास किया गया। पूरी ड्रेस में सजा, धजा जवान अश्रुगैस का गोला छोड़ने में कामयाब नहीं हुआ। बताते हैं कि गोला गन में ही फंस गया था। इसके चलते इससे फायर नहीं किया जा सका।