प्रतापगढ़। धान बेचने वाले किसानों को 72 घंटे में भुगतान का दावा फेल हो गया है। नवंबर माह में धान बेचने वाले किसानों का भुगतान अभी तक नहीं किया गया है। इससे किसान अधिकारियों के चौखट पर दस्तक दे रहे हैं।
जिले के मानधाता इलाके अमैयामऊ निवासी लालप्रताप सिंह ने 26 और 27 नवंबर को 96 कुंतल, अशोक सिंह ने 94.50 कुंतल, सुजहा निवासी माता भीख पटेल ने 98.40 कुंतल और अहिना निवासी राम नारायण पटेल ने 92 कुंतल धान कर्मचारी कल्याण निगम के धान खरीद केंद्र डीह बलई में बेचा था। किसानों का धान लेने के बाद 72 घंटे के अंदर खाते में ऑनलाइन भुगतान करने का आश्वासन दिया था। किसानों की लंबी प्रतीक्षा के बाद जब धनराशि खाते में नहीं आई, तो अधिकारियों के पास पहुंचकर शिकायत दर्ज करानी शुरू कर दी। पीड़ित किसानों ने डीएम से मुलाकात कर अपनी व्यथा सुनाई और अविलंब भुगतान की मांग की। जिला विपणन अधिकारी यूपी सिंह सिसौदिया ने बताया कि किसानों की शिकायत सही है, कर्मचारी कल्याण निगम के प्रबंधक को अविलंब भुगतान करने के लिए पत्र लिखा गया है।