प्रतापगढ़। जिला कार्यक्रम प्रबंधक (डीपीएम) की फटकार से जिला महिला अस्पताल के एसएनसीयू वार्ड में तैनात संविदा डॉक्टर की हालत बिगड़ गई। पहले दोनों में तकरार हुई, मामला बढने पर डीपीएम ने डाक्टर को फटकार लगाते हुए नौकरी से बाहर करने की चेतावनी दे डाली। इससे संविदा चिकित्सक के सीने में दर्द होने लगा और वह जमीन पर गिर गया। साथी उसे इलाज के लिए ले गए। हालांकि डीपीएम इस बात से इनकार कर रहे हैं।
शनिवार को स्वास्थ्य पोषण माह के शुभारंभ के मौके पर डीपीएम राजशेखर और जिला महिला अस्पताल के एसएनसीयू वार्ड में तैनात डॉक्टर आरके पांडेय के बीच ‘यार’ शब्द का प्रयोग करने को लेकर बहस होने लगी। बात गालीगलौज तक पहुंच गई। वहां मौजूद लोगों ने दोनों को अलग कराया। आरोप है कि थोड़ी देर बाद डॉक्टर के मोबाइल पर फोन कर डीपीएम ने उसे जमकर खरीखोटी सुनाते हुए देख लेने और नौकरी से बाहर करवाने की धमकी दी। डीपीएम की फटकार से डॉक्टर परेशान हो गया। उसके सीने में दर्द शुरू हो गया और वह जमीन पर गिर गया। उसका ब्लड प्रेशर काफी बढ़ गया था। जिला महिला अस्पताल की सीएमएस रीता दूबे को किसी ने इस मामले की जानकारी दी।
इस पर उन्होंने डॉक्टर आरके पांडेय को जिला अस्पताल भेजकर जांच कराई। डॉक्टर आरके पांडेय ने बताया कि डीपीएम ने जमकर फटकार लगाते हुए अपशब्दों का प्रयोग किया। नौकरी से बाहर करने की धमकी दी। इससे मैं परेशान हो गया है। उधर, डीपीएम राजशेखर का कहना है कि एसएनसीयू वार्ड में भर्ती एक बच्चे की हालत बिगड़ती ही जा रही थी। उसके परिजन परेशान हो रहे थे। वे बार-बार सीएमएस कार्यालय पहुंच रहे थे। डॉक्टर आरके पांडेय को एसएनसीयू सेंटर पर पहुंचकर मरीजों का इलाज करने के लिए कहा गया। इसी बात को लेकर वह बहस करने लगे। मैं तत्काल वहां से उठकर सीएमओ कार्यालय चला गया। फोन पर उन्हें फटकारने की बात गलत है। मुझे फंसाने की साजिश की जा रही है।
डीपीएम राजशेखर का कहना है कि एनआरएचएम का कार्यक्रम होने के कारण उद्घाटन समारोह में मैं गया था। मेरे साथ डा. आरके पांडेय ने अभद्रता की। मैं इसकी शिकायत डीएम के साथ आला अफसरों से पहले ही कर चुका हूं। मुझ़े फंसाने का प्रयास किया जा रहा है। वहीं सीएमएस, जिला महिला अस्पताल रीता दूबे का कहना है कि कार्यक्रम के समापन के बाद चैंबर में सब बैठे थे। आपस में बातचीत कर रहे थे। डीपीएम के मुंह से बार-बार ‘यार’ शब्द निकल रहा था। डॉक्टर आरके पांडेय ने इसका विरोध किया। कुछ ही देर बाद डीपीएम चले गए। इसके बाद फोन पर क्या बात हुई, मुझे नहीं पता है। डिप्टी सीएमओ डा. एसके सिंह का कहना है कि चिकित्सक कब किसके ऊपर क्या आरोप लगा दें, इसके बारे में कुछ कहा नहीं जा सकता है। मैं भी चैंबर में मौजूद था। मेरे सामने किसी प्रकार की बात नहीं हुई। हालांकि डॉक्टर आरके पांडेय आरोप लगा रहे हैं कि डीपीएम ने फोन कर उन्हें धमकी दी। इससे उनकी हालत बिगड़ गई है। सीएमओ के आने के बाद इसकी जानकारी उन्हें दी जाएगी।