किशुनगंज। लोडर की टक्कर से एक बाइक सवार युवक की मौत हो गई। इससे परिवार में कोहराम मच गया। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। हादसे में बाइक पर बैठी पत्नी व बहन हताहत नहीं हुईं।
कंधई थाना क्षेत्र के मधुपुर निवासी शेर बहादुर यादव (28) पुत्र कंधई यादव रविवार भोर में पत्नी सीता देवी व बहन रन्नो देवी के साथ बाइक से खेत में काम करने गया था। वहां धान की पिटाई करने के बाद सुबह करीब नौ बजे घर लौट रहा था। इसी बीच जब वह मंदाह के करीब पहुंचा तो सामने से आ रहे लोडर ने बाइक में टक्कर मार दी। इससे शेर बहादुर दूर जा गिरा। इसके कारण गंभीर रूप से घायल हो गया। जबकि पत्नी सीता देवी और बहन रन्नो दूर जा गिरी। शोर पर आसपास के लोग मौके पर पहुंचे, लेकिन तब तक चालक वाहन लेकर भागने में कामयाब रहा। लोगों की सूचना पर परिजन रोते बिलखते घटनास्थल पहुंचे। शेर बहादुर को लोग जिला अस्पताल ले जा रहे थे, लेकिन रास्ते में उसकी सांस थम गई। जिला अस्पताल के डॉक्टरों ने भी उसे मृत घोषित कर दिया। सूचना मिलने पर घर में कोहराम मच गया। दो साल पहले उसी स्थान पर शेर बहादुर के परिवार के एक सदस्य की मौत हादसे में हो चुकी है।
वहीं कंधई थाना क्षेत्र के पिपरी खालसा के करीब रविवार दोपहर बाइक सवार को बचाने के चक्कर में बोलेरो पलट गई। बताते हैं कि फतनपुर थाना क्षेत्र के सिलौधी निवासी परवेज आलम (44) बारात लेकर पट्टी गया था। बारातियों को छोड़ने के बाद वह किसी काम से बोलेरो लेकर शहर की ओर जा रहा था। बोलेरो सवार परवेज को मामूली चोटें आईं। लोगों ने उसे बोलेरो से बाहर निकाला। बाद में किसी तरह बोलेरो को निकाला गया। सूचना मिलने पर पुलिस पहुंच गई।