गरीबी रेखा के नीचे जीवनयापन कर रहे 74536 परिवारों को गोल्डेन कार्ड बनाया जाएगा। अब तक ये परिवार आयुष्मान भारत प्रधानमंत्री जन आरोग्य योजना और मुख्यमंत्री जन आरोग्य योजना से वंचित थे। जिले में अंत्योदय योजना के कार्डधारकों की संख्या 74,536 है। अब तक इनको आयुष्मान भारत योजना में नहीं शामिल किया गया था।
अब शासन ने आयुष्मान भारत योजना में अंत्योदय कार्डधारकों को भी शामिल कर लिया है। शासन ने कार्डधारकों के साथ परिवार के सदस्यों को बेहतर चिकित्सा सुविधा मुहैया कराए जाने के लिए गोल्डन कार्ड जारी करने के लिए सीएमओ को निर्देश दिया है। इस योजना के तहत प्रत्येक परिवार को निजी और सरकारी अस्पतालों में सालाना पांच लाख रुपये तक के नि:शुल्क इलाज की सुविधा मिलेगी। ये वे परिवार होंगे जो आयुष्मान भारत प्रधानमंत्री जन आरोग्य योजना और मुख्यमंत्री जन आरोग्य योजना से वंचित रह गए हैं।
आयुष्मान भारत योजना के प्रोग्राम मैनेजर डॉक्टर सुधाकर सिंह ने बताया कि केंद्र सरकार ने वर्ष 2011 में हुई सामाजिक आर्थिक जाति जनगणना के आधार पर वंचित और गरीब परिवारों को सालाना पांच लाख रुपये तक का मुफ्त इलाज मुहैया कराने के लिए आयुष्मान भारत प्रधानमंत्री जन आरोग्य योजना सितंबर 2018 में शुरू की थी। आयुष्मान भारत योजना से छूटे पात्र गरीब परिवारों के लिए योगी सरकार मुख्यमंत्री जन आरोग्य योजना संचालित कर रही है। शासन का निर्देश मिलने के बाद अंत्योदय कार्डधारकों का गोल्डन कार्ड बनाने का काम शुरू हो गया है।