टॉपटेन सूची में शामिल आदित्य, एकांश का स्वागत
बैजनाथ प्रसाद इंटर कॉलेज में आठवां स्थान पाने वाली अमृता ओझा सम्मानित
अमर उजाला ब्यूरो
प्रतापगढ़। यूपी बोर्ड की हाईस्कूल और इंटरमीडिएट की टॉपटेन सूची में स्थान बनाने वाले परीक्षार्थियों को सोमवार को कॉलेज में सम्मानित किया गया। मादूपुर स्थित बैजनाथ इंटर कॉलेज और लालगंज स्थित यमुना प्रसाद उच्चतर माध्यमिक विद्यालय वर्मानगर में सफल छात्र आदित्य मौर्य और एकांश मिश्र को स्वागत किया गया।
सोमवार को कॉलेज खुलते ही यूपी बोर्ड की परीक्षा में नाम कमाने वाले छात्र-छात्राओं को सम्मानित किया गया। मादूपुर स्थित बैजनाथ प्रसाद ओझा इंटर कॉलेज में इंटरमीडिएट टॉपटेन सूची में आठवां स्थान हासिल करने वाली अमृता ओझा को प्रिंसिपल वंदना देवी और शिक्षकों ने सम्मानित किया। प्रिंसिपल ने बताया कि हाईस्कूल 37 और इंटरमीडिएट में 42 बच्चे परीक्षा में शामिल हुए थे। उन्होंने बताया कि परीक्षा में कोई भी बच्चा फेल नहीं हुआ है। प्रतिभा, प्रभात, महेंद्र, मंजू, पवन कुमार आदि मौजूद रहे। लालगंज स्थित यमुना प्रसाद उच्चतर माध्यमिक विद्यालय वर्मानगर में सफल छात्र आदित्य मौर्य और एकांश मिश्र का स्वागत किया गया। हाईस्कूल टॉपटेन की सूची में दित्य और एकांश 539-539 अंक हासिल कर संयुक्त रुप से दसवां स्थान हासिल किया है। कॉलेज के प्रिंसिपल ने बताया कि अश्विनी यादव 533, जीतेंद्र मौर्य 532, शिवानी मिश्रा 531, तृप्ति तिवारी 527, पंकज यादव 526, कोमल पाल 524, महेंद्र वर्मा 522, प्रतिष्ठा यादव 519, सुतेश यादव 518 अंक हासिल करके कालेज का नाम रोशन किया है।
घूस नहीं देने पर प्रयोगात्मक परीक्षा में काट दिया नंबर
डायट प्राचार्य के पास पहुंचा मामला, जांच के लिए गठित की तीन सदस्यीय टीम
अमर उजाला ब्यूरो
प्रतापगढ़। जिले के रानीगंज खरहर स्थित आचार्य सदाशिव संस्थान की डीएलएड की प्रयोगात्मक परीक्षा में घूस नहीं देने पर प्रयोगात्मक परीक्षा का अंक काटने का आरोप प्रशिक्षुओं ने लगाते हुए डायट प्राचार्य और डीएम से शिकायत की है। मामले को गंभीरता से लेते हुए डायट प्राचार्य ने तीन सदस्यीय टीम गठित कर पूरे मामले की जांच रिपोर्ट तीन दिन में तलब की है।
रानीगंज स्थित आचार्य सदाशिव संस्थान के डीएलएड के प्रशिक्षु वैशाली मिश्रा, अंजली तिवारी, विश्वजीत शुक्ला, पंकज, आशुतोष त्रिपाठी ने डीएम और डायट प्राचार्य को दिए लिखित शिकायत में आरोप लगाया है कि द्वितीय सेमेस्टर की परीक्षा में अवैध रुप से वसूली की गई। प्रशिक्षुओं का आरोप है कि अवैध शुल्क नहीं देने पर प्रयोगात्मक परीक्षा में अंक काट लिया गया। प्रबंधक पर रुपये नहीं मिलने पर सी ग्रेड देने का आरोप लगाया है। प्रशिक्षुओं ने अपने मांगपत्र में चेताया है कि अगर एक सप्ताह के अंदर अंकों में सुधार और प्रबंधक पर कार्रवाई नहीं की जाती है, तो सामूहिक रुप से डायट कैंपस में आत्मदाह करेंगे। इधर डायट प्राचार्य डॉ. ओम प्रकाश मिश्र ने बताया कि शिकायत मिली है, पूरे मामले की जांच के लिए प्रवक्ता अमरेंद्र मिश्र, गर्विता ओझा, जितेश दुबे को नामित कर तीन दिन के अंदर रिपोर्ट तलब की गई है।