शहर में दूर होगी जलभराव की समस्या
मोहल्लों में बनेगी सड़कें, सुधरेंगी क्षतिग्रस्त सड़कों की दशा
साढ़े तीन करोड़ रुपये विकास कार्यों के लिए मिली स्वीकृति
अमर उजाला ब्यूरो
प्रतापगढ़। शहरियों को बरसात में जलभराव की समस्या अब नहीं झेलनी होगी। शहर के मुख्य मार्गों के साथ ही मोहल्लों में जलनिकासी के लिए गहरा नाला बनाने के लिए एक करोड़ और सड़कों के लिए ढाई करोड़ रुपये की मंजूरी मिली है। नगर विकास मंत्री ने शहरियों को यह सौगात चेयरमैन प्रेमलता सिंह की मांग पर दिया है।
शहर में बरसात तो दूर आम दिनों में नालों का गंदा पानी सड़कों पर बहता रहता है। अधिकांश मोहल्लों में जलनिकासी की समस्या से शहरियों को समस्या का सामना करना पड़ता है। बरसात में यह समस्या विकराल हो जाती है। जलनिकासी के लिए सभी वार्डों में समुचित व्यवस्था करने और सड़क बनाने की मांग नगर विकास मंत्री सुरेश खन्ना से चेयरमैन प्रेमलता सिंह ने रखी थी। चेयरमैन की मांग पर नगर विकास मंत्री सुरेश खन्ना ने शहर में सड़कों के निर्माण के लिए ढाई करोड़ रुपये की स्वीकृति दी है। इसके अलावा जलनिकासी की व्यवस्था को दुरुस्त करने के लिए एक करोड़ रुपये की धनराशि की भी स्वीकृति दी है। मोहल्लों में गहरा नाला बन जाने से बरसात में जलभराव की समस्या काफी हद तक दूर हो सकती है। उन मोहल्लों को प्राथमिकता दी जाएगी। जिन मोहल्लों में बरसात या आम दिनों में जलभराव की समस्या होती है। मंत्री की स्वीकृति मिलने के बाद शहर में सड़कों और नालों का स्टीमेट तैयार किया जा रहा है ताकि नालों के निर्माण से शहरियों को जलभराव की समस्या से निजात मिल सके।
इनसेट------
इन मोहल्लों में होता है अधिक जलभराव
नगर पालिका में 25 वार्ड हैं। अमूमन जलनिकासी के चलते शहरियों को होनी वाली समस्या हर मोहल्लों में देखने को मिलती है। सबसे अधिक दिक्कत टक्करगंज, पश्चिमी सहोदरपुर, विवेक नगर, भैरोपुर, बेगमवार्ड, मकंद्रूगंज, बलीपुर, धर्मशाला वार्ड के लोगों को दिक्कत का सामना करना पड़ता है। बरसात में इन मोहल्लों में लोगों के घरों में गंदा पानी घुस जाता है। जिससे निजात पाने के लिए लोगों को बाल्टी से बरसात का पानी बाहर निकालना होता है।
इनसेट-----
सिनेमा रोड बना रहता है मुसीबत
भले ही सिनेमा रोड पर सीसी सडक़ बना दी गई है लेकिन बरसात में यह सडक़ लोगों के लिए मुसीबत से कम नहीं रहती। सडक़ के उत्तरी छोर पर बने नाले से जलनिकासी नहीं होती। दक्षिणी छोर पर बने नाले से जलनिकासी होती है। यह रोड बरसात में ताल तलैया नजर आता है। सीसी रोड बनने से लोगों को आने जाने में राहत जरूर मिलती है लेकिन नाले की ऊंचाई बनने के बाद भी जलभराव की समस्या से छुटकारा नहीं मिल सका। वर्षों पुऱानी हाईवे पर बनी सीवर लाइन में सिल्ट जमा रहता है। इससे बरसात का पानी निकल नहीं पाता।
वर्जन-----
नगर विकास मंत्री ने उनकी मांग पर नगर पालिका को सडक़ों के ढाई करोड़ और जलभराव की समस्या से शहरियों को राहत दिलाने के लिए एक करोड़ रुपये की धनराशि से निर्माण कार्य के लिए मंजूरी दी है। नाला व सडक़ों का प्राक्कलन तैयार कराया जा रहा है ताकि समय से शासन को भेजा जा सके।
प्रेमलता सिंह, चेयरमैन, नगर पालिका