बिजली कनेक्शन और विद्युतीकरण के लिए एसी-एक्सईएन को लगाएं फोन
सौभाग्य योजना के तहत हर घर में बिजली पहुंचाने के लिए बिजली विभाग ने शुरू की पहल
अमर उजाला ब्यूरो
प्रतापगढ़। विद्युतीकरण से यदि आपका पुरवा वंचित रह गया हो या फिर आपको कनेक्शन नहीं मिल रहा हो तो परेशान न हों। बस आपको इसके लिए एसी या फिर एक्सईएन के पास एक फोन करना होगा। बिजली विभाग की टीम आपके घर पहुंच जाएगी। विभाग ने सौभाग्य योजना के तहत घर-घर बिजली पहुंचाने के लिए यह पहल शुरू की है।
जिले में सौभाग्य योजना के तहत बिजली से वंचित मजरों को रोशन करने का अभियान चल रहा है। इसके लिए जिले में 389 करोड़ रुपये का बजट स्वीकृत है। इसके तहत पहले चरण में चिह्नित बिजली से वंचित मजरों को रोशन करने का कार्य होगा। इसमें मजरे व छोटे पुरवे शामिल हैं। इनकी संख्या तकरीबन छह हजार है। मजरों व छोटे पुरवों को चिह्नित करने के लिए विभाग ने अभियान चलाया था। जिसकी सूची तैयार कर विभाग ने अब विद्युतीकरण का कार्य शुरू कर दिया है। इसके अलावा विभाग की ओर नि:शुल्क कनेक्शन वितरण का कार्य चल रहा है। इसके तहत 2 लाख से अधिक कनेक्शन वितरित किए जा चुके हैं। अभी भी कनेक्शन वितरण का कार्य चल रहा है। उपकेंद्रों, बाजारों व गांवों में चौपाल लगाई जा रही है। मगर इन आयोजनों के बाद भी अभी बिजली कनेक्शन से वंचित घरों की लंबी फेहरिस्त है। हाउस होल्ड सर्वे के अनुसार अभी डेढ़ लाख घरों को कनेक्शन वितरण किए जाने हैं। विभाग की मानें तो कनेक्शन लेने में अधिकांश लोग ऐसे हैं जो शिविर व चौपाल का लाभ उठाने से चूक गए हैं। इसके अलावा कई गांव ऐसे हैं, जिनके मजरे तो विद्युतीकरण की सूची में हैं, मगर गांव के चार या पांच घरों के छोटे पुरवे एक-दो या फिर तीन पोल के चलते विद्युतीकरण से वंचित हैं। अब ऐसे लोगों को परेशान होने की आवश्यकता नहीं है। वह अधीक्षण अभियंता कार्यालय व एक्सईएन विद्युत के पास फोन घनघनाकर अपनी समस्या दर्ज करा सकते हैं। कनेक्शन की प्रक्रिया तो त्वरित पूर्ण की जाएगी। हां विद्युतीकरण में के लिए थोड़ा समय लगेगा। अधीक्षण अभियंता एसके सिंह ने बताया कि आम जनमानस की सहूलियत के यह प्रयास किया जा रहा है। ताकि जिले में सौभाग्य योजना सफल हो सके।