मुख्यालय से मां चंद्रिका देवी धाम को जोड़ने वाली सड़क के चौड़ीकरण का कार्य प्रारंभ होने के पहले ही साठ लाख रुपये का भुगतान कर दिया गया है। जबकि कार्यदायी संस्था ने अभी मिट्टी का कार्य भी पूरा नहीं किया है। बरसात नजदीक है, ऐसे में सड़क निर्माण का कार्य प्रारंभ नहीं होने से स्थानीय लोगों का आक्रोश बढ़ता जा रहा है।
सांगीपुर, संडवा चंद्रिका, अंतू और अमेठी के लोग गायघाट रोड से ही शहर आते-जाते हैं। सिंगल सड़क पर आए दिन होने वाले हादसों पर रोक लगाने के लिए शासन ने 15 किमी लंबी सड़क का दोहरीकरण कराने का फैसला लिया। लोक निर्माण विभाग के अधिकारियों ने सभी मानकों को ताक पर रखकर फैजाबाद की एक कार्यदायी संस्था को सड़क निर्माण का जिम्मा सौंप दिया है। वैसे तो विभागीय अधिकारी आधा कार्य होने के बाद भुगतान की बात कहते हैं, मगर गायघाट मार्ग पर मिट्टी डालने के पहले ही 60 लाख रुपये का भुगतान कर दिया गया। गड़वारा से गौरबारी के बीच सड़क की पटरी पर मिट्टी डालने का कार्य थोड़ा बहुत हुआ है। मगर सई नदी और पूरेअंती से शहर की ओर चौड़ी होने वाली सड़कों पर अभी तक मिट्टी नहीं डाली गई है। जिले में 23 जून तक मानसून आ जाता है। ऐसे में निर्माण कार्य प्रारंभ न नहीं होने से स्थानीय लोगों में आक्रोश है। इधर विभागीय अधिकारी भी चुप्पी साधकर बैठे हुए हैं। सहायक अभियंता एसके पाल ने बताया कि कार्यदायी संस्था को अविलंब निर्माण कार्य प्रारंभ करने को कहा गया है।